जयपुर: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव 2026 के नतीजों का इंतजार अब खत्म होने लगा है. प्रदेश के 37 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है. शुक्रवार सुबह से ही मतगणना केंद्रों पर हलचल देखने को मिल रही है. अलग-अलग जिलों से शुरुआती रुझान भी सामने आने लगे हैं. अजमेर में भाजपा ने शुरुआती बढ़त बनाई है, वहीं जोधपुर में भाजपा, कांग्रेस और आरएलपी के बीच मुकाबला देखने को मिल रहा है.
अजमेर में भाजपा 10 और कांग्रेस 6 वार्डों में आगे:
अजमेर से मतगणना के शुरुआती रुझान सामने आए हैं. यहां भाजपा 10 वार्डों में बढ़त बनाए हुए है, जबकि कांग्रेस को 6 वार्डों में बढ़त मिली है. अजमेर में जिला परिषद के 33 वार्डों और 10 पंचायत समितियों के 180 सदस्यों के लिए मतगणना हो रही है. तीन टेबल पर काउंटिंग शुरू की गई है. सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जा रही है.
जोधपुर में भाजपा-कांग्रेस के साथ RLP भी मैदान में:
जोधपुर में शुरुआती रुझानों में कई जगह दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है. मंडोर पंचायत समिति में कांग्रेस दो सीटों पर, भाजपा एक सीट पर और आरएलपी एक सीट पर आगे चल रही है. सालवा खुर्द में एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए है. वहीं, पंचायत समिति केरू में भाजपा एक सीट पर आगे है. चाबा पंचायत समिति में भाजपा और कांग्रेस दोनों एक-एक सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं.
झुंझुनूं में 41 जिला परिषद वार्डों के नतीजों पर नजर:
झुंझुनूं में पंचायत आम चुनाव 2026 की मतगणना शुरू हो गई है. यहां भी सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जा रही है. जिले में जिला परिषद के 41 वार्डों और 14 पंचायत समितियों के चुनाव परिणाम आज सामने आएंगे. प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की नजरें मतगणना केंद्रों पर टिकी हुई हैं.
धौलपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना:
धौलपुर में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में शुरू हो गई है. मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. कॉलेज परिसर में सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है. सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल कॉलेज के अंदर और बाहर तैनात है. गणना अभिकर्ताओं को भी जांच के बाद ही मतगणना कक्ष में प्रवेश दिया गया. यहां सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जा रही है.
डूंगरपुर में 91 टेबलों पर हो रही मतगणना:
डूंगरपुर में एसबीपी कॉलेज में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हुई. यहां 14 कमरों में 91 टेबलों पर 322 कार्मिक मतों की गिनती कर रहे हैं. सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी, इसके बाद ईवीएम के वोट गिने जाएंगे. जिले में जिला परिषद की 37 सीटों पर 123 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा. वहीं, 14 पंचायत समितियों की 234 सीटों के लिए 780 उम्मीदवार मैदान में हैं.
दौसा में पहले पंचायत समिति के परिणाम होंगे घोषित:
दौसा में भी पंचायत चुनाव की मतगणना जारी है. यहां 14 पंचायत समितियों के सदस्यों और 37 जिला परिषद सदस्यों के लिए वोटों की गिनती हो रही है. सबसे पहले डाक मतपत्रों की गणना शुरू की गई है. निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पहले पंचायत समिति सदस्यों के परिणाम घोषित किए जाएंगे. इसके बाद जिला परिषद सदस्यों के नतीजे सामने आएंगे.
पूरे प्रदेश की निगाहें चुनाव परिणामों पर:
राजस्थान के 37 जिलों में हो रही मतगणना के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की राजनीतिक तस्वीर साफ होने लगेगी. शुरुआती रुझानों में कहीं भाजपा-कांग्रेस के बीच मुकाबला है तो कहीं आरएलपी और निर्दलीय प्रत्याशी भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं. मतगणना आगे बढ़ेगी, चुनाव परिणामों की तस्वीर और स्पष्ट होती जाएगी.