अशोक गहलोत भी लिखेंगे आत्मकथा! पत्रकारों के सवाल पर बोले- 'अभी पांच साल का समय है', 80 साल की उम्र के बाद करूंगा किताब पर विचार

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत क्या अब अपनी राजनीतिक जिंदगी और अनुभवों को किताब के जरिए सामने लाने की तैयारी कर रहे हैं? यह सवाल उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब गहलोत ने मीडियाकर्मियों को कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब भेंट की. खास बात यह रही कि गहलोत ने प्रत्येक किताब पर अपने हाथों से हस्ताक्षर भी किए. इसी दौरान पत्रकारों ने उनसे उनकी खुद की किताब को लेकर सवाल पूछ लिया.
विस्तार में

जयपुर: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत क्या अब अपनी राजनीतिक जिंदगी और अनुभवों को किताब के जरिए सामने लाने की तैयारी कर रहे हैं? यह सवाल उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब गहलोत ने मीडियाकर्मियों को कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब भेंट की. खास बात यह रही कि गहलोत ने प्रत्येक किताब पर अपने हाथों से हस्ताक्षर भी किए. इसी दौरान पत्रकारों ने उनसे उनकी खुद की किताब को लेकर सवाल पूछ लिया.

पत्रकारों ने पूछा कि आपकी किताब कब आएगी? इस पर गहलोत ने अपने चिर-परिचित अंदाज में जवाब दिया- 'मेरे बारे में तो आप सब ही बता दो.' उनके इस जवाब के बाद वहां मौजूद पत्रकारों के बीच हल्की-फुल्की चर्चा शुरू हो गई.

पांच साल का समय है अभी...
बातचीत के दौरान गहलोत ने अचानक कहा- 'पांच साल का समय है अभी.' इस पर एक वरिष्ठ पत्रकार ने चुटकी लेते हुए कहा कि फिर तो पांच नहीं, सात साल का समय है. पत्रकार की इस टिप्पणी पर गहलोत भी मुस्कुराए और बोले- 'आप लोग इसको भी सीएम पद से जोड़कर देख रहे होंगे.'

गहलोत ने इसके बाद अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा कि ऐसा नहीं है, पांच साल बाद वे 80 साल के हो जाएंगे. उसके बाद ही किताब लिखने के बारे में सोचा जाएगा.

अनौपचारिक चर्चा में सुनाए कई किस्से:
इस मुलाकात के दौरान अशोक गहलोत और मीडियाकर्मियों के बीच केवल किताब को लेकर ही बातचीत नहीं हुई, बल्कि अनौपचारिक चर्चा में उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन से जुड़े कई किस्से भी सुनाए.