
जयपुर: राजस्थान में सर्दी का असर लगातार बना हुआ है. खासकर शेखावाटी अंचल में रात के समय ठिठुरन लोगों को परेशान कर रही है. हालांकि प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. राज्य के 13 शहरों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि 5 शहरों में रात के तापमान में गिरावट आई है.
मौसम के इस बदलते मिजाज के बीच माउंट आबू प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं शेखावाटी के फतेहपुर में 8.1 डिग्री और सीकर में 8.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. चूरू में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री, जबकि झुंझुनूं में 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इन आंकड़ों से साफ है कि शेखावाटी में रात की सर्दी का असर अभी बरकरार है.
अगले एक सप्ताह मौसम रहेगा मुख्य रूप से शुष्क:
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राजस्थान में आगामी एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. इस दौरान बारिश की गतिविधियों के आसार नहीं हैं.
दिसंबर में भी सामान्य से ज्यादा रह सकता है तापमान:
इधर, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसमी आकलन के अनुसार नवंबर में देश के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा. दिसंबर में भी तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई गई है.
इसके पीछे प्रशांत महासागर में सक्रिय मजबूत अलनीनो परिस्थितियों को एक प्रमुख कारण माना जा रहा है. अलनीनो का असर वैश्विक मौसम प्रणालियों पर पड़ता है और इसका प्रभाव तापमान तथा वर्षा के पैटर्न में बदलाव के रूप में सामने आ सकता है.