
जैसलमेर: जैसलमेर के सम क्षेत्र में दामोदरा के पास पैरामोटर लैंडिंग के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. गुजरात से जैसलमेर घूमने आए एक पर्यटक का हाथ पैरामोटर के घूमते पंखे की चपेट में आने से बुरी तरह कट गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पर्यटक लहूलुहान हो गया.
जानकारी के अनुसार पैरामोटर की लैंडिंग के दौरान अचानक एक पर्यटक उसके नजदीक आ गया. इसी दौरान पैरामोटर के घूमते पंखे की चपेट में उसका हाथ आ गया, जिससे हाथ में गहरा घाव हो गया. हाथ अलग नहीं हुआ, लेकिन चोट इतनी गंभीर थी कि मौके पर खून बहने लगा. घायल पर्यटक को प्राथमिक उपचार दिए जाने की जानकारी सामने आई है. हादसे के बाद पर्यटक के परिजनों ने मौके पर जमकर हंगामा किया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि वायरल वीडियो की फर्स्ट इंडिया स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है.
सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवालः
इस हादसे ने जैसलमेर में पैरामोटर गतिविधियों के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पर्यटकों की मौजूदगी के बीच उड़ान और लैंडिंग क्षेत्र में सुरक्षा घेरा, सुरक्षित दूरी और निगरानी जैसे इंतजाम आखिर कितने प्रभावी हैं?
रोमांच और पर्यटन के नाम पर गतिविधियां जारी हैं, लेकिन पर्यटकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभा रहा है? दामोदरा के पास हुए इस हादसे के बाद जिला प्रशासन की मॉनिटरिंग और सुरक्षा मानकों की पालना को लेकर जवाबदेही तय करने की जरूरत है.