
जयपुर: राजस्थान में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. उत्तर भारत और पहाड़ी इलाकों से आ रही सर्द हवाओं के चलते प्रदेश के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है, वहीं रात के तापमान में गिरावट से लोगों को तेज सर्दी का अहसास होने लगा है. प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है.
मौसम के बदलते मिजाज के बीच माउंट आबू और फतेहपुर प्रदेश के सबसे ठंडे इलाके बने हुए हैं. माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस और फतेहपुर में 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. शेखावाटी क्षेत्र में भी सर्दी का असर लगातार तेज हो रहा है.
शेखावाटी से लेकर मेवाड़ तक बढ़ी ठिठुरन:
प्रदेश के सीकर, भीलवाड़ा, चूरू और नागौर सहित कई जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते सर्दी बढ़ गई है. सुबह के समय ठंडी हवाओं और कम तापमान के कारण लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है. शाम ढलते ही ठिठुरन बढ़ने लगती है. खासकर खुले इलाकों में सर्द हवाओं का असर अधिक महसूस किया जा रहा है.
दो दिन घने कोहरे की चेतावनी:
मौसम विभाग ने आज और कल राजस्थान सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है. सुबह के समय कोहरे का असर रहने से दृश्यता प्रभावित हो सकती है.
अगले एक सप्ताह तक शुष्क रहेगा मौसम:
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राजस्थान में आगामी एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. फिलहाल बारिश की गतिविधियों के आसार नहीं हैं.