राजस्थान के 11 जिलों में पंचायत चुनाव का रण: 28 बूथों पर पुनर्मतदान जारी, सुबह से मतदाताओं में उत्साह; जयपुर में सबसे ज्यादा 6 केंद्रों पर वोटिंग

राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के तहत आज 11 जिलों के 28 मतदान बूथों पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है. जिला परिषद के 6 निर्वाचन क्षेत्रों और पंचायत समिति के 22 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता एक बार फिर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं. सुबह से ही संबंधित मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया जारी है.
विस्तार में

जयपुर: राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के तहत आज 11 जिलों के 28 मतदान बूथों पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है. जिला परिषद के 6 निर्वाचन क्षेत्रों और पंचायत समिति के 22 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता एक बार फिर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं. सुबह से ही संबंधित मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया जारी है.

पुनर्मतदान धौलपुर, जोधपुर, सवाई माधोपुर, जैसलमेर, फलोदी, बूंदी, कोटपूतली-बहरोड़, डीग, खैरथल-तिजारा, अलवर और जयपुर जिलों में हो रहा है. इनमें जयपुर जिले में सबसे अधिक 6 बूथों पर दोबारा मतदान कराया जा रहा है.

कहां कितने बूथों पर हो रहा पुनर्मतदान?
जिलेवार पुनर्मतदान की स्थिति इस प्रकार है:

धौलपुर: राजाखेड़ा के 2 मतदान बूथों पर वोटिंग जारी.
जोधपुर: बालोतरा के 2 बूथों पर पुनर्मतदान हो रहा है.
सवाई माधोपुर: बामनवास, खंडार और बौंली के 3 बूथों पर दोबारा मतदान.
जैसलमेर: मोहनगढ़ के 1 बूथ पर पुनर्मतदान.
फलोदी: फलोदी और घंटियाली के 2 बूथों पर वोटिंग.
बूंदी: केशोरायपाटन के 3 बूथों पर पुनर्मतदान.
कोटपूतली-बहरोड़: नारायणपुर और पावटा के 4 बूथों पर मतदान.
डीग: बृजनगर और डीग के 2 बूथों पर पुनर्मतदान.
खैरथल-तिजारा: ततारपुर के 1 बूथ पर वोटिंग.
अलवर: थानागाजी और गोविंदगढ़ के 2 बूथों पर पुनर्मतदान.
जयपुर: जिला परिषद क्षेत्र के साथ दूदू, चौमूं और शाहपुरा के 6 बूथों पर दोबारा मतदान.

जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव परिणामों पर रहेगी नजर:
कुल 28 मतदान बूथों में जिला परिषद के 6 और पंचायत समिति के 22 निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. पुनर्मतदान पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों की चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. इन बूथों पर होने वाले मतदान के परिणामों का संबंधित जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव परिणामों पर असर रहेगा.