जयपुर: मैकडॉनल्ड रेस्टोरेंट का फूड लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है. 'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान के तहत कार्रवाईत की गई है. गत दिनों गौरव टावर स्थित मैकडॉनल्ड रेस्टोरेंट पर कार्रवाई की गई थी. CMHO सेकंड जयपुर डॉक्टर मनीष मित्तल ने जानकारी दी है.
निरीक्षण के दौरान टीम ने उपयोग में लिए जा रहे खाद्य तेल में गड़बड़ी मिली थी. तेल का टीपीसी (टोटल पोलर कंपाउंड) निर्धारित मानक 25 से बहुत अधिक पाया गया था. जो मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक हो सकता है. मौके से लिया गया यूज्ड कुकिंग ऑयल का नमूना जांच रिपोर्ट में अनसेफ पाया गया था.
उक्त फर्म को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के अंतर्गत इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया था. अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के निर्देश पर आज फिर निरीक्षण किया गया तो आउटलेट में अनेक कमियां पाई गई. ऐसे में फर्म का फूड लाइसेंस निलंबित कर खाद्य कारोबार करने पर पाबंदी लगा दी गई है. फर्म द्वारा आउटलेट पर एवं ऑनलाइन प्लेटफार्म पर खाद्य सामग्री का बेचान नहीं किया जा सकता.