नई दिल्ली: श्रीनगर एयरपोर्ट पर विमान हादसा टल गया. श्रीनगर एयरपोर्ट पर इंडिगो की फ्लाइट खंभे से टकराई. नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंचा इंडिगो विमान पार्किंग के दौरान हादसे का शिकार हो गया.
पार्किंग के दौरान इंडिगो की फ्लाइट VDGS पोल से टकराई. विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं. घटना के बाद श्रीनगर एयरपोर्ट का संचालन सामान्य रूप से जारी है. हादसे के सही कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू हो गई है.
वहीं इस मामले में एयरलाइंस का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि फ्लाइट 6E 225 आज नवी मुंबई से श्रीनगर जा रही थी. श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग के बाद पार्किंग के दौरान विमान पार्किंग स्टैंड के पोल से टकरा गया. विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सुरक्षित है.
सभी यात्रियों और क्रू को विमान से उतार लिया गया है. घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को तुरंत दे दी गई है. मामले की जांच की जा रही है. विमान को जरूरी मेंटेनेंस के लिए ग्राउंड कर दिया गया है. जरूरी क्लीयरेंस मिलने के बाद ही विमान दोबारा उड़ान भरेगा.