सवाई माधोपुर में भ्रष्टाचार पर ACB का शिकंजा, रेलवे पुलिस चौकी लाखेरी का आरक्षक रिश्वत लेते गिरफ्तार, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः सवाई माधोपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बड़ी ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया है. रेलवे पुलिस चौकी लाखेरी में तैनात आरक्षक मोहम्मद नदीम कुरेशी को 70 हजार रुपये की रिश्वत लेते एसीबी ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोप है कि रेलवे सामान चोरी के मामले में परिवादी को आरोपी नहीं बनाने की एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी. 

एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर सवाई माधोपुर एसीबी इकाई ने कार्रवाई करते हुए रेलवे पुलिस चौकी लाखेरी, रेलवे पुलिस थाना सवाई माधोपुर में पदस्थापित आरक्षक मोहम्मद नदीम कुरेशी को ट्रैप किया.शिकायतकर्ता ने एसीबी चौकी सवाई माधोपुर में शिकायत दी थी कि रेलवे सामान चोरी के मामले में उसे मुल्जिम नहीं बनाने का दबाव बनाकर रिश्वत की मांग की जा रही है.शिकायत के बाद 25 अगस्त को रिश्वत मांग का गोपनीय सत्यापन कराया गया. सत्यापन के दौरान आरोपी ने पहले 80 हजार रुपये लेने पर सहमति जताई, लेकिन परिवादी के दोबारा निवेदन करने पर 70 हजार रुपये में सौदा तय हुआ.इसके बाद आज आरोपी ने खुद परिवादी से संपर्क किया और उसके घर पर रिश्वत की रकम लेने पहुंचा.

जैसे ही आरोपी ने 70 हजार रुपये की रिश्वत राशि ली, पहले से तैयार एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया. ट्रैप कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई है.एसीबी अब आरोपी से पूछताछ के साथ पूरे मामले की जांच में जुटी है.एसीबी भरतपुर रेंज के डीआईजी ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई.सवाई माधोपुर एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर परिहार के नेतृत्व में टीम ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया.    

रेलवे चोरी के मामले में कार्रवाई से बचाने के नाम पर रिश्वत मांगना आरक्षक को भारी पड़ गया. 70 हजार की रिश्वत लेते ही एसीबी के शिकंजे में आया आरक्षक मोहम्मद नदीम कुरेशी. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.