जयपुर: दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय AI समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करने के विरोध में आज जयपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जमकर विरोध किया. भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस को चेताया कि फिर कभी कांग्रेस ने ओछी मानसिकता दिखाई तो कांग्रेसी पदाधिकारियों का घर से निकलना बंद कर देंगे.
भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता आज सवेरे शहीद स्मारक पर एकत्रित हुए और वहां से कांग्रेस व राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की तरफ बढ़े, लेकिन पुलिस ने भाजयुमो के काफिले को वनस्थली मार्ग पर ही रोक लिया. इस दौरान भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा सहित कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प भी हुई. इसी गहमागहमी के दौरान गोरा सड़क बंद करने के लिए लगी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए. पुलिस ने कार्यकर्ताओं को खदेड़ने के लिए बैरिकेडिंग को हिलाया तो गोरा सहित अन्य कार्यकर्ता जमीन पर गिर गए और कईयों के कपड़े भी फट गए. इसके बाद कार्यकर्ताओं का विरोध और तेज हो गया.
भाजयुमो कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए तीन थानों की पुलिस और बड़ी संख्या में पुलिस जाब्ता मौके पर डटा रहा और पीसीसी जाने वाला मार्ग पूर्ण रूप से बंद किया गया. उधर, यातायात डायवर्जन कर वाहनों को दूसरे मार्गों से निकाला गया. करीब एक घंटे तक भाजयुमो कार्यकर्ता प्रदर्शन के दौरान पीसीसी जाने की मांग करते रहे. इसके बाद शंकर गोरा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. गोरा ने मीडिया के सामने साफ किया कि कांग्रेस ने देश को बदनाम करने का काम किया है. यदि कांग्रेस ऐसी हरकतों से बाज नहीं आएगी तो कांग्रेसी नेताओं का घर से निकलना बंद कर दिया जाएगा और भाजयुमो कांग्रेस के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करेगी.