कोटाः अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले के तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी से जुड़ा अपडेट सामने आया है. आरोपियों की धरपकड़ का CCTV फुटेज आया है. कोटा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से हुई गिरफ्तारी के बाद की तस्वीरें सामने आई है. जिसमें कोटा पुलिस तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करके ले जाती दिख रही है.
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में कोटा पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम मीडिया से रूबरू हुईं. इस दौरान उन्होंने कहा कि लॉरेंस गैंग ही वारदात के पीछे है. तीनों शूटर को कोटा पुलिस ने मुंबई पुलिस को सौंप दिया है. आज सुबह मुंबई पुलिस से कोटा पुलिस को इनपुट मिला था. सिर्फ 20 मिनट पहले सूचना मिली. बहुत कम समय में पुलिस की टीमें एक्टिव हुई. ट्रेन के कोटा पहुंचते ही पुलिस ने पूरी ट्रेन को घेर लिया. एक नाबालिग समेत 3 हमलावरों की पहचान हुई है.
नेपाल फरार होने की फिराक में थे तीनों आरोपी:
मुख्य आरोपी रेहान हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है. दूसरा आरोपी ऋतिक कुमार बिहार के बेगूसराय का निवासी है. नाबालिग 17 वर्षीय शूटर हरियाणा के सोनीपत का निवासी है. मुख्य आरोपी रेहान लॉरेन्स गैंग के गुर्गे अनिल पंडित के सम्पर्क में था. तीनों आरोपी मुंबई से पुणे-जयपुर ट्रेन 12939 के जनरल कोच में बैठकर आ रहे थे. तीनों आरोपी दिल्ली से नेपाल फरार होने की फिराक में थे.
18 अक्टूबर की शाम 7 बजे हुआ था हमला:
गौरतलब है कि 18 अक्टूबर की शाम 7 बजे टाइगर श्रॉफ जुहू के फुटबॉल मैदान से निकलकर अपनी गाड़ी से जा रहे थे. इस दौरान उनके फैंस की काफी भीड़ मौजूद थी. इसी में कुछ अज्ञात हमलावर वहां घुस गए, और अभिनेता की गाड़ी पर एक बाद एक 7 गोलियां चलाई थीं. इसमें हमले में अभिनेता टाइगर बाल-बाल बचे, मगर उनके ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए. टाइगर के साथ उस वक्त एक्टर करणवीर मेहरा और अभिषेक बजाज भी थे, जिनकी गाड़ियां उनके पीछे चल रही थीं.
जैकी श्रॉफ और मां आयशा ने जारी की थी उनकी हेल्थ अपडेट:
हमला होने के बाद, टाइगर ने तुरंत गाड़ी अस्पताल की तरफ घुमा ली थी जहां वो अपने ड्राइवर को लेकर गए. इस दौरान अभिनेता को छोटी-मोटी चोट आई है. वो अपने हाथों और शरीर पर पट्टी बांधे हुए भी नजर आएं. अस्पताल से टाइगर को पुलिस ने भारी सुरक्षा इंतजाम के साथ घर छोड़ा था. इस पूरी घटना के बाद उनके परिवार में भी अफरा-तफरी मची. टाइगर के पिता जैकी श्रॉफ और मां आयशा ने उनकी हेल्थ अपडेट भी जारी की थी. उन्होंने बताया था कि एक्टर सुरक्षित है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.