रितु बराला मारपीट मामले को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, कल से अभी भी कमिश्नर दफ्तर के अंदर और बाहर प्रदर्शन जारी

रितु बराला मारपीट मामले को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, कल से अभी भी कमिश्नर दफ्तर के अंदर और बाहर प्रदर्शन जारी

जयपुर: दिल्ली में प्रोटेस्ट में एनएसयूआई नेता रितु बराला मारपीट मामले में FIR दर्ज नहीं होने की आंच अब जयपुर भी पहुंच चुकी है. राहुल गांधी के निर्देश पर जयपुर में एफआईआर दर्ज कराने को लेकर कांग्रेस नेता पुलिस कमिश्नर दफ्तर में धरना दे रहे है. वहीं इस दौरान बाहर कार्यकर्ताओं ने जाम लगाने का प्रयास किया,जिसके बाद पुलिस को सख्ती से पेश आना पड़ा. लेकिन कई घंटे बीत जाने और गोविंद डोटासरा के कमिश्नर दफ्तर में रात बिताने के बावजूद अभी तक जीरो एफआईआर दर्ज नहीं हुई है. 

दिल्ली में रितु बराला के साथ हुई मारपीट मामले में अभी तक जीरो FIR दर्ज नहीं हुई है. जबकि कई घंटों से कांग्रेस के नेता पुलिस कमिश्नर दफ्तर के अंदर औऱ बाहर प्रदर्शन कर रहे है. FIR दर्ज नहीं करने पर कल की रात कांग्रेस नेताओं ने कमिश्नर में गद्दे लगाकर गुजारी. यहां तक की खुद पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा ने पूरी रात खाकी के दफ्तर में बिताई लेकिन फिर भी बात नहीं बनी. इस दौरान सड़क पर बाहर कार्यकर्ता भी लगातार नारेबाजी करते रहे..देर रात अशोक गहलोत खुद धरने पर पहुंच गए. डोटासरा औऱ गहलोत ने FIR दर्ज नहीं करने पर पुलिस और सरकार दोनों को आड़े हाथों लिया.

हालांकि रात को बाहर कार्यकर्ताओं की ज्यादा भीड़ नहीं थी लिहाजा खाकी ने ऐसे में फिर खादी की मांग को बिल्कुल गंभीरता से नहीं लिया. ऐसे में रात को फिर कांग्रेस ने कमिश्नर दफ्तर का घेराव का एलान कर दिया. सुबह पार्टी के कई विधायक और नेता फिर कमिश्नर दफ्तर पहुंच गए.. बाहर भी कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई. एक बार तो नाराज कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम करने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने सख्ती बरतते हुए उन्हें हटा दिया. वहीं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी अलवर से कमिश्नर दफ्तर पहुंच गए. जूली ने कहा कि जब तक FIR दर्ज नहीं होगी तब तक उनका धरना जारी रहेगा.

कुल मिलाकर दिल्ली में वोट चोरी को लेकर जो आंदोलन शुरु हुआ उसकी आंच अब जयपुर भी पहुंच चुकी है. दिल्ली की सड़कों पर जो नजारा दिखा कुछ ऐसा ही हाल कमिश्नर दफ्तर और उसके बाहर नजर आ रहा है. हालांकि यहां पर पुलिस आराम से नेताओं को अभी प्रदर्शन करने दे रही है. लेकिन जीरो एफआईआर दर्ज होगी या नहीं होगी यह तस्वीर अब भी साफ नहीं हो रही.