जयपुर: पिछले कई सालों में घाटे में जूझ रही जयपुर डिस्कॉम प्रशासन ने पिछले वित्तीय वर्ष में बेहतर प्रबन्धन के चलते बड़ा कीर्तिमान स्थापित किया है.अब इसे फील्ड में डिस्ट्रीब्यूशन लॉसेस में कमी कहे या फिर शत प्रतिशत राजस्व वसूली और वित्तीय प्रबंधन, जिसके चलते पहली बार डिस्कॉम प्रशासन को वित्तीय वर्ष 2025–26 में 931 करोड़ रुपए का प्रोफिट हुआ है. जयपुर डिस्कॉम प्रशासन के निदेशक मंडल की पिछले दिनों हुई बैठक में वर्ष 2025–26 के अंकेक्षित लेखों को अनुमोदित किया गया,जिसके आंकड़े अब चर्चा का विषय बने हुए है.डिस्कॉम प्रशासन की माने तो वित्तीय वर्ष 2025–26 में 931.12 करोड़ का लाभ अर्जित किया है, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष 2024–25 में निगम को 706.49 करोड़ का घाटा हुआ था.
यानी इस हिसाब से निगम के वित्तीय परिणामों में 1,637.61 करोड़ का ऐतिहासिक सुधार दर्ज किया गया है.दरअसल, डिस्कॉम सीएमडी आरती डोगरा ने जिम्मेदारी संभालने के साथ ही डिस्ट्रीब्यूशन लोसेज में कमी लाने के लिए कई तरह के नवाचार किए.शतप्रतिशत राजस्व वसूली के साथ ही पुराने बकाया की वसूली और बिजली चोरी के अंकुश का ही परिणाम रहा कि डिस्कॉम के इतिहास में पहली बार राजस्व वसूली का आंकड़ा 100 फीसदी को पार कर गया.पिछले वित्तीय वर्ष के ये प्रशासनिक सुधार के कामों का ही परिणाम ही वित्तीय वर्ष 2025–26 की बैलेंस शीट में देखने को मिला है, जहां पहली बार डिस्कॉम प्रशासन ने 931 करोड़ का प्रोफिट अर्जित किया है.
घाटे से फायदे के सौंदे की यात्रा:
-जयपुर डिस्कॉम प्रशासन का वित्तीय कीर्तिमान
-बिजली कम्पनी बनने के बाद पहली बार फायदे में डिस्कॉम
-डिस्कॉम प्रशासन ने 2025–26 में अर्जित किया 931.12 करोड़ का लाभ
-दरअसल, डिस्कॉम के डिस्ट्रीब्यूशन लोसेज वर्ष 2024–25 में 13.75 प्रतिशत रहे
-लेकिन पिछले वित्तीय वर्ष में बेहतर प्रबन्धन के चलते ये लोसेज 11.07 प्रतिशत रह गए
-एटीएंडसी लोसेज के आंकड़े भी 14.01 प्रतिशत से घटकर 11.07 प्रतिशत दर्ज किए गए
-इसके साथ ही डिस्कॉम में पहली बार राजस्व वसूली का आंकड़ा भी 100.32 प्रतिशत रही
-बिजली चोरी-अनियमितताओं के विरुद्ध सघन सतर्कता कार्रवाई से वसूली का आंकड़ा दोगुना रहा
हर मोर्च पर बेस्ट परफोर्मेंस:
-बिजली कम्पनी बनने के बाद पहली बार फायदे में डिस्कॉम
-डिस्कॉम प्रशासन ने 2025–26 में अर्जित किया 931.12 करोड़ का लाभ
-राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम से प्राप्त ट्रू-अप क्रेडिट में भी बढ़ोत्तरी
-पिछले वर्ष के 17.49 करोड़ से बढ़कर 108.16 करोड़ रहा ट्रू-अप क्रेडिट
-जीएसडीपी आधारित सब्सिडी मद में लगभग 903 करोड़ की सहायता प्राप्त हुई,
-जबकि पिछले वर्ष यह 196.60 करोड़ थी,पावर ट्रेडिंग भी रही 229 करोड़ रुपए अधिक
वित्तीय वर्ष 2025–26 में रेग्यूलेटरी सरचार्ज के माध्यम से डिस्कॉम ने 1,300 करोड़ की वसूली की. डिस्कॉम प्रशासन की माने तो इस राशि का उपयोग मौजूदा ऋणों के भुगतान में किया गया,जिससे वित्तीय देनदारियों और ब्याज भार को कम करने में बड़ी मदद मिली. इसके साथ ही रेलवे से क्रॉस सब्सिडी सरचार्ज एवं अतिरिक्त सरचार्ज की वसूली के संबंध में सर्वोच्च न्यायालय के अनुकूल निर्णय के फलस्वरूप 969.25 करोड़ की बड़ी आय भी हुई, जिसके चलते बेहतर वित्तीय परिणामों की राह साफ हुई.