कोटा : टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में कोटा पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम मीडिया से रूबरू हुईं. इस दौरान उन्होंने कहा कि लॉरेंस गैंग ही वारदात के पीछे है. तीनों शूटर को कोटा पुलिस ने मुंबई पुलिस को सौंप दिया है. आज सुबह मुंबई पुलिस से कोटा पुलिस को इनपुट मिला था.
सिर्फ 20 मिनट पहले सूचना मिली. बहुत कम समय में पुलिस की टीमें एक्टिव हुई. ट्रेन के कोटा पहुंचते ही पुलिस ने पूरी ट्रेन को घेर लिया. एक नाबालिग समेत 3 हमलावरों की पहचान हुई है. मुख्य आरोपी रेहान हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है. दूसरा आरोपी ऋतिक कुमार बिहार के बेगूसराय का निवासी है.
नाबालिग 17 वर्षीय शूटर हरियाणा के सोनीपत का निवासी है. मुख्य आरोपी रेहान लॉरेन्स गैंग के गुर्गे अनिल पंडित के सम्पर्क में था. तीनों आरोपी मुंबई से पुणे-जयपुर ट्रेन 12939 के जनरल कोच में बैठकर आ रहे थे. तीनों आरोपी दिल्ली से नेपाल फरार होने की फिराक में थे.
गौरतलब है कि कल करीब शाम 7 बजे टाइगर श्रॉफ जुहू के फुटबॉल मैदान से निकलकर अपनी गाड़ी से जा रहे थे. तभी अचानक कुछ हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर फायरिंग कर दी. इस हमले में टाइगर बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर घायल हो गए थे.