बूंदी: बूंदी भगत सिंह सेना प्रमुख किसान नेता नरेश मीणा शुक्रवार को बूंदी दौरे पर रहे. रामगंज बालाजी स्थित होटल श्री जी में प्रेसवार्ता कर उन्होंने पंचायती राज चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया, जिससे प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. नरेश मीणा ने ऐलान किया कि वे प्रदेश की 8 विधानसभा क्षेत्रों में पंचायत समिति चुनाव लड़ेंगे. बारां, बूंदी और उनियारा सहित अन्य क्षेत्रों में बहुजन समाज पार्टी के सिंबल पर अपने प्रत्याशी उतारेंगे. समाजसेवी, युवा और किसान हितैषी चेहरों को चुनाव में मौका दिया जाएगा. वहीं नरेश मीणा ने पंचायत राज चुनाव को लेकर किसान नेता गिरिराज गौतम को जिला संयोजक बनाया है.
मीणा ने आम आदमी पार्टी से दूरी बनाने की वजह भी बताई. उन्होंने आरोप लगाया कि आप नेता प्रमोद जैन भाया आप पार्टी में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को टिकट दे रहे हैं, जिस कारण उन्होंने आप के झाड़ू चुनाव चिन्ह से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है. झाड़ू चिन्ह को लेकर विवाद के बाद अब बसपा ने उन्हें समर्थन दिया है और दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे. प्रेसवार्ता के दौरान नरेश मीणा ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों और किसानों के मुद्दों को लेकर उनकी आगामी रणनीति तैयार है. पंचायत स्तर से नई सियासी एंट्री की जाएगी.
वही बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुमरत सिंह ने पार्टी की तैयारियों और रणनीति पर चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के आशीर्वाद से राजस्थान में बीएसपी का परिवार तेजी से बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि पार्टी पंचायत चुनाव की पूरी तैयारी और दमदारी के साथ मैदान में उतरी है और नरेश मीणा जैसे युवा नेताओं के समर्थन से बीएसपी और अधिक मजबूत विकल्प के रूप में उभर रही है.