इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार की पोस्ट, कहा- नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग और मार्गदर्शन प्राप्त होगा

इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार की पोस्ट, कहा- नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग और मार्गदर्शन प्राप्त होगा

नई दिल्ली: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपना इस्तीफा राज्यपाल सैयद अता हसनैन को सौंप दिया है. इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफोर्म X पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि आप जानते हैं कि 24 नवंबर 2005 को राज्य में पहली बार NDA सरकार बनी थी. तब से, राज्य में कानून का राज कायम है, और हम लगातार विकास कार्यों में लगे हुए हैं. सरकार ने शुरू से ही समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए काम किया है. 

चाहे वे हिंदू हों, मुस्लिम हों, सवर्ण हों, पिछड़े वर्ग के हों, अत्यंत पिछड़े वर्ग के हों, दलित हों, या महादलित हों-सभी के लिए काम किया गया है.  हर क्षेत्र में काम हुआ है, चाहे वह शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़कें हों, बिजली हो, या कृषि हो. महिलाओं और युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है. हाल के समय में, इस काम को और भी आगे बढ़ाया गया है. अगले पांच वर्षों के लिए, यानी 2025 से 2030 तक, '7 निश्चय-3' की रूपरेखा तैयार की गई है. इससे और भी अधिक काम होगा, जिसके परिणामस्वरूप बिहार काफी आगे बढ़ेगा. 

बिहार के विकास में केंद्र सरकार भी पूरा सहयोग दे रही है. इसके लिए, हम माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं. बिहार और भी तेजी से विकसित होगा और देश के शीर्ष राज्यों में शामिल होगा, जिससे राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा. हमने बिहार की जनता के लिए बहुत काम किया है. इतने दिनों तक, हमने लगातार लोगों की सेवा की है. 

हमने तय किया था कि अब हम मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे, और इसलिए, आज की कैबिनेट बैठक के बाद, हमने माननीय राज्यपाल से मुलाकात की और उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया. अब नई सरकार यहां का कामकाज संभालेगी. नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग और मार्गदर्शन प्राप्त होगा. आगे भी, बहुत ही अच्छे काम किए जाएंगे, और बिहार बहुत आगे बढ़ेगा. मैं सभी को हृदय से धन्यवाद देता हूं और अपनी शुभकामनाएं देता हूं.