जयपुर: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का बयान सामने आया है. PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि भाजपा सरकार के कारण कल से RGHS के तहत निजी अस्पतालों में इलाज बंद हो जाएगा. हमारी कांग्रेस सरकार ने राज्य के कर्मचारियों और पेंशनर्स को केंद्र के CGHS की तर्ज पर RGHS बनाकर कैशलेस इलाज की सुविधा दी. प्रदेश के हर नागरिक को स्वास्थ्य का अधिकार और 25 लाख तक नि:शुल्क इलाज सुनिश्चित किया.
उन्होंने कहा कि साथ ही अस्पतालों की OPD में इलाज के साथ नि:शुल्क जांच और दवाइयां उपलब्ध कराई. एक ये भाजपा सरकार है जो स्वास्थ्य जैसी मूलभूत आवश्यकता व अधिकार को छीनने पर आमादा है. सरकार को लाखों कर्मचारियों व पेंशनर्स के हित को ध्यान में रखते हुए अस्पतालों की वाजिब मांगों को सुनना चाहिए एवं इसका अविलंब निस्तारण करना चाहिए.
आपको बता दें कि इससे पहले खबर सामने आई थी कि राजस्थान के निजी अस्पतालों में 15 जुलाई से कैशलेस इलाज नहीं मिलेगा. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, JMA, PHNHS,UPCHR, AHPI के प्रतिनिधियों के साथ अभी तक बातचीत नहीं हुई. सभी संगठनों ने राजस्थान एलायंस ऑफ हॉस्पिटल एसोसिएशन बनाया है.
एसोसिएशन ने 15 जुलाई से RGHS में कैशलेस इलाज बंद करने का एलान कर रखा है. एसोसिएशन की समिति ने इस मुद्दे के समाधान के लिए तात्कालिक सुझाव दिए. 31 मार्च 2025 तक के सभी लंबित क्लेम का यथा शीघ्र निस्तारण का सुझाव दिया. साथ ही आगामी दिनों में प्रस्तुत क्लेम का 45 दिन में भुगतान तय करने का सुझाव दिया.
एसोसिएशन से जुड़े अस्पतालों में कल से CGHS की दर पर पैसा लेकर ट्रीटमेंट होगा. हालांकि इस पूरे मामले में चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर स्पष्ट कर चुके है. कहा कि योजना कुछ दिन पहले ही विभाग को मिली जिसके चलते हर पक्ष को समझना जरूरी है. निजी अस्पतालों की समस्याओं का जल्द ही समाधान किया जा रहा है.