VIDEO: राजस्थान को पहली बार ICAS अकादमी की सौगात संभव, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश, CS वी. श्रीनिवास के प्रयास, देखिए ये रिपोर्ट

जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दिशा निर्देश अनुसार सीएस वी. श्रीनिवास के प्रयासों से राजस्थान को पहली बार भारतीय सिविल अकाउंट्स सर्विस की अकादमी की सौगात मिलेगी. 1 मार्च को 50 वें सिविल अकाउंट्स डे पर होने वाले समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मौजूद रहने की संभावना है, जिसमें इस अकादमी की स्थापना को लेकर बड़ी घोषणा हो सकती है. दो फरवरी को महालेखा नियंत्रक टीसीए कल्याणी ने मुख्य सचिव को 50 वें सिविल अकाउंट्स डे पर भारतीय सिविल अकाउंट्स सर्विस की अकादमी की सौगात के लिए जयपुर या जोधपुर में जमीन चिन्हित करने और इसे लेकर पीएमओ को बताने के बारे में पत्र लिखा था. 

महालेखा नियंत्रक टी. सी. ए. कल्याणी के पत्र लिखने के बाद भूमि तलाशी गई और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दिशानिर्देश अनुसार भरतपुर में बीस एकड़ भूमि के लिए दो प्रस्ताव भरतपुर कलेक्टर ने दिए हैं. इसके तहत भरतपुर कलेक्टर ने भरतपुर तहसील क्षेत्र में लालजी मंदिर के पास भवनपुरा गांव में बीस एकड़ जमीन की उपलब्धता बताई है. इस स्थान की भरतपुर शहर से सीधी रोड सुविधा है. यह स्थान भरतपुर रेलवे स्टेशन से एक-डेढ़ किमी की दूरी पर है.इसके साथ नदबई तहसील में खटौटी गांव में बीस एकड़ जमीन उपलब्ध है. यह जमीन नदबई तहसील मुख्यालय से से 7 किमी दूरी पर है. नेशनल हाईवे 21 से करीब  5 किमी की दूरी पर स्थित है.

भरतपुर क्यों है अहम ?:
भरतपुर, राजस्थान का एक महत्वपूर्ण शहर है और इसे राजस्थान का पूर्वी सिंह द्वार व प्रवेश द्वार भी कहा जाता है. भरतपुर जिला मुख्यालय होने के साथ-साथ भरतपुर संभाग का मुख्यालय भी है. जिले की उत्तरी और पूर्वी सीमा पर  पूर्व में उत्तर प्रदेश के मथुरा व आगरा जिले, दक्षिण में राजस्थान का धौलपुर जिला और दक्षिण-पश्चिम में करौली व दौसा, पश्चिम में दौसा और उत्तर-पश्चिम में अलवर जिला स्थित है. भरतपुर, दिल्ली-आगरा-जयपुर स्वर्ण पर्यटन त्रिकोण पर स्थित है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से 177 किलोमीटर, राज्य की राजधानी जयपुर से 180 किलोमीटर, श्री कृष्ण की जन्मस्थली मथुरा से 36 किलोमीटर और ताजमहल के लिए विश्व-विख्यात आगरा शहर से लगभग 55 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.

आगरा में घरेलू उड़ान के लिए एयरपोर्ट भी है. भरतपुर आगरा-जयपुर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21, दिल्ली-मुम्बई विद्युतीकृत ब्रॉडगेज रेलवे लाइन और जयपुर-बांदीकुई-आगरा ब्रॉडगेज रेलवे लाइन से देश व राज्य के प्रमुख शहरों से जुड़ा हुआ है. पर्यटन के क्षेत्र में भरतपुर शहर केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान (घना पक्षी विहार) के कारण विश्व मानचित्र में अहम स्थान रखता है. इन सबके चलते भरतपुर में ICAS ऑफिसर्स की एकेडमी की स्थापना को उपयुक्त माना जा रहा है. इसे लेकर सीएस वी श्रीनिवास की केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन प्रिंसिपल चीफ कंट्रोलर अजय शंकर सिंह के साथ चर्चा हो चुकी है और इस प्रस्ताव को लेकर सहमति मानी जा रही है.