रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी सम्पन्न, सिंदूरी साड़ी में दुल्हन बनीं रश्मिका तो धोती में दिखे विजय

रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी सम्पन्न, सिंदूरी साड़ी में दुल्हन बनीं रश्मिका तो धोती में दिखे विजय

उदयपुर:  साउथ सिनेमा के लोकप्रिय सितारे विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना गुरुवार को राजस्थान के खूबसूरत शहर उदयपुर में शादी के बंधन में बंध गए. इस शाही अंदाज़ में आयोजित विवाह समारोह में दोनों कलाकारों के करीबी रिश्तेदार, परिवार के सदस्य और चुनिंदा दोस्त ही शामिल हुए. समारोह को बेहद निजी रखा गया था, लेकिन इसकी भव्यता किसी परीकथा से कम नहीं थी. शादी के बाद नवविवाहित जोड़े ने अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर समारोह की मनमोहक फोटोज शेयर की है. फोटोज में दोनों की शानदार केमिस्ट्री और पारंपरिक अंदाज़ ने फैंस का दिल जीत लिया.

इस खास मौके पर रश्मिका मंदाना लाल रंग की पारंपरिक साड़ी और भारी गोल्ड जूलरी में बेहद खूबसूरत नजर आईं. उनका ब्राइडल लुक सादगी और शाही अंदाज़ का बेहतरीन संगम था. वहीं विजय देवरकोंडा सफेद धोती और लाल शॉल में बेहद आकर्षक दिखाई दिए. उनका पारंपरिक लुक सोशल मीडिया पर खूब सराहा जा रहा है. फोटोज में दोनों किसी फिल्मी कहानी के मुख्य किरदारों की तरह नजर आ रहे हैं. फैंस ही नहीं, बल्कि कई बॉलीवुड सितारों ने भी इस जोड़ी पर प्यार लुटाया और उन्हें नई जिंदगी की शुभकामनाएं दीं.

दोनों कलाकारों की शादी की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया. फैंस लंबे समय से इस जोड़ी को साथ देखने की उम्मीद कर रहे थे और अब उनकी यह ख्वाहिश पूरी हो गई है. रश्मिका और विजय की फोटोज पर बॉलीवुड सितारों ने खूब प्यार बरसाया और दोनों के लिए सुखद भविष्य की कामना की. कृति सेनन ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर भावुक संदेश लिखा.

उन्होंने लिखा, 'उफ़्फ़... इस फ्रेम में कितना प्यार और खुशियां हैं. आप दोनों को बधाई! रश्मिका और विजय, आपको जीवनभर खूबसूरत यादें और ऐसा प्यार मिले जो आपको एक साथ जीवंत और सुकूनभरा एहसास कराए. कृति ने रश्मिका के पोस्ट पर लिखा, ओह!!! बहुत-बहुत बधाई रशू!! आप दोनों को!! आप दोनों को जीवन भर खुशियां और प्यार मिले। वहीं सामंथा रुथ प्रभु ने भी शादी की एक फोटो अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए 'बधाई' लिखा और विजय व रश्मिका को टैग किया. आयुष्मान खुराना ने उनकी शादी की पोस्ट पर कॉमेंट करते हुए लिखा, 'दिल से बधाई हो दोस्तों!'