जयपुरः सोने के आसमान छूते दाम उसकी चमक को फीका करते जा रहे है. बढते दामों के चलते सोना आम लोगों की पहुंच से दूरी का कारण बनता जा रहा है. ऐसे में अब लोगों में गहनों की खरीद का ट्रेंड बदल गया है. सोना महंगा होने से शादी-ब्याह में गहने खरीदने का तौर तरीका बदला है.
अब तोले नहीं, रुपए के बजट से गहनों की खरीदारी तय हो रही है. जयपुर-अहमदाबाद में 70% ग्राहक पुराना सोना बदलकर नए गहने ले रहे है. कोलकाता में 25-40 ग्राम के हार अब 10-12 ग्राम में तैयार करवा रहे है. 80% से ज्यादा ग्राहक हल्के गहनों को प्राथमिकता दे रहे है.
खर्च में 34% की बढ़ोतरी:
भारी हार और पूरे सेट की जगह चेन, ब्रेसलेट और पेंडेंट की मांग बढ़ी है. सोने का वजन घटा, लेकिन खरीदारी पर खर्च में 34% की बढ़ोतरी हुई है. जयपुर में 24कैरेट सोना 1,50,500 रुपए प्रति 10 ग्राम,चांदी 2,17,500 रुपए किलो तक पहुंच गया है. ऐसे में दीपावली पर सोने की बिक्री उम्मीद के मुताबिक कम रह सकती है.