बीकानेर के छत्तरगढ़ के सुरजनवाली में ट्रिपल मर्डर, मामा-भांजा पक्षों के खूनी संघर्ष में तीन की मौत

बीकानेर के छत्तरगढ़ के सुरजनवाली में ट्रिपल मर्डर, मामा-भांजा पक्षों के खूनी संघर्ष में तीन की मौत

बीकानेर: बीकानेर जिले के छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत खारवाली के सुरजनवाली गांव में गुरुवार को हुए ट्रिपल मर्डर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मामा-भांजा पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में तीन लोगों की मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद लड़की के रिश्ते की बात को लेकर शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया.

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला सत्तासर में लड़की के रिश्ते को लेकर हुई कहासुनी से जुड़ा बताया जा रहा है. विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और खूनी संघर्ष में तीन लोगों की जान चली गई. मृतकों की पहचान अलीशेर पुत्र अब्दे खां, करीम पुत्र जिंदू खां तथा जिंदू पुत्र याकूब खां के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मृतकों में दो खारवाली तथा एक सुरजनवाली गांव का निवासी है.

घटना की सूचना मिलते ही खाजूवाला वृताधिकारी (सीओ) आकांक्षा चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और हालात को संभाला. वहीं बीकानेर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए तथा मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है.

शुरुआत में परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था, लेकिन पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया. इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए सहमत हो गए. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. प्रारंभिक कारण पारिवारिक विवाद सामने आया है, जबकि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.