राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन नवंबर से मिजोरम का दो दिवसीय दौरा करेंगी

आइजोल: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन नवंबर से मिजोरम का दो दिवसीय दौरा करेंगी और राज्य विधानसभा को संबोधित करेंगी. एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.

जुलाई में राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद मुर्मू का राज्य का यह पहला दौरा होगा. अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति तीन नवंबर को राज्य में पहुंचने के बाद मिजोरम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह और अन्य कार्यक्रमों शामिल होंगी. उन्होंने बताया कि मुर्म चार नवंबर को राज्य विधानसभा को संबोधित करेंगी. राज्य विधानसभा के आयुक्त एवं सचिव एच लालरीनावमा ने बताया कि सदन को संबोधित करने वाली वह तीसरी राष्ट्रपति होंगी.

राज्यपाल हरि बाबू कम्भमपति ने राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर राज्य विधानसभा का विशेष सत्र आहूत किया है. लालरीनावमा ने बताया कि विशेष सत्र चार नवंबर को बुलाया गया है. अधिकारी ने बताया कि मुर्मू चार नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी लौट जाएंगी. सोर्स- भाषा