VIDEO: सीमेंट उद्योग में अंबुजा की ऊंची छलांग, लाइमस्टोन के 22 में से 20 ब्लॉक किए हासिल, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: अंबुजा सीमेंट ने प्रदेश की लाइमस्टोन या यूं कहें सीमेंट इंडस्ट्री में एक बड़ी छलांग लगाई है. बीते 31 मार्च को समाप्त हुए वित्त वर्ष 2023-24 में खान विभाग ने कुल 22 लाइमस्टोन के ब्लॉक नीलाम किए इनमें अकेले अंबुजा सीमेंट ने 20 ब्लॉक को ऊंची बोली लगाकर अपने नाम कर लिया. अभी 53 और ब्लॉक की नीलामी पूरी होनी है अंबुजा इन सभी में पार्टिसिपेट कर रहा है. अंबुजा का लक्ष्य करीब 50 लाइमस्टोन ब्लॉक हासिल करने का है और इस पर वह 50 हजार करोड़ से ज्यादा निवेश करेगा. 

ब्लॉक                तिथि               बोली         राजस्व
PSB 01 नागौर  11.09.2023  36.05%   73.85 करोड़
PSB 02  नागौर 12.09.2023   30.16%    63.10 करोड़
PSB 03  नागौर 21.02.2024   25.20%    58.70 करोड़
PSB 04  नागौर  22.02.2024  25.20%    46.96 करोड़
PSB 05  नागौर 23.02.2024  25.20%    46.96 करोड़
PSB 06  नागौर 18.09.2023  38.10%    76.55 करोड़
PSB 07  नागौर 19.09.2023  26.06%    57.81 करोड़
PSB 08  नागौर 26.02.2024  25.20%    58.70 करोड़
PSB 09  नागौर 27.02.2024 25.20%    46.96 करोड़
PSB 10  नागौर 28.02.2024 25.20%    46.96 करोड़
PSB 11  नागौर 29.02.2024 50.50%    87.13 करोड़
PSB 12  नागौर 01.03.2024 50.50%    87.13 करोड़
PSB 13  नागौर 04.03.2024 25.15%    54.72 करोड़
PSB 14 नागौर  05.03.2024 25.15%    54.72 करोड़
PSB 15 नागौर  06.03.2024 25.20%    32.39 करोड़
PSB 16 नागौर  11.03.2024 25.20%    19.56 करोड़
PSB 17 नागौर  12.03.2024  25.15%   74.27 करोड़
PSB 18  नागौर 12.03.2024  25.15%    74.27 करोड़
HPB 20  नागौर 03.10.2023  29.20%    3825.45 करोड़      
HPB 21  नागौर  14.03.2023  27.10%   2474.10 करोड़      

देश के सीमेंट उत्पादन में राजस्थान की भागीदारी लगभग 70 फ़ीसदी की है. यहां देश की नामचीन सीमेंट कंपनियों के पास लाइमस्टोन के ब्लॉक्स हैं और सभी इस कारोबार में मोटा निवेश कर राजस्थान में सीमेंट उद्योग पर बढ़त बनाने के लिए प्रतिस्पर्धा भी कर रहे हैं. इधर खान विभाग ने भी नागौर, चित्तौड़, जैसलमेर सहित अन्य स्थानों पर लाइमस्टोन के भंडारों की खोज की है.. और उनके ब्लॉक तैयार कर उन्हें ऑनलाइन नीलाम करने की प्रक्रिया भी शुरू की है. सीमेंट की लगातार बढ़ती मांग और नए ब्लॉक को लेकर अंबुजा सीमेंट ने एक योजना तैयार की और राजस्थान में मोटा निवेश करने की दिशा में कदम बढ़ाए यही कारण है कि अंबुजा सीमेंट में 31 मार्च को समाप्त हुए वित्त वर्ष में 22 लाइमस्टोन ब्लॉक की नीलामी में अन्य कंपनियों से प्रतिस्पर्धा की और 20 ब्लॉक को ऊंची बोली लगाकर अपने नाम कर लिया. 

अब अंबुजा खान विभाग द्वारा ऑनलाइन नीलाम किए जाने वाले 53 लाइमस्टोन ब्लॉक के लिए भी प्रतिस्पर्धा कर रहा है. सूत्रों का दावा है कि अंबुजा प्रदेश में लाइमस्टोन के करीब 50 ब्लॉक को हासिल करने के लक्ष्य की तरफ तेजी से बढ़ रहा है. ऐसा करने पर अंबुजा द्वारा प्रदेश में 50000 करोड़ से अधिक का निवेश सीमेंट उद्योग में किया जाएगा और हजारों लोगों को रोजगार भी मिलेगा.. और प्रदेश के अर्थव्यवस्था में भी एक बड़ा योगदान अंबुजा की ओर से किया जा सकेगा. अभी 31 मार्च को समाप्त हुए वित्त वर्ष में अंबुजा खान विभाग को राजस्व देने में 10 में स्थान पर था. अंबुजा द्वारा वित्त वर्ष 2023-24 में लाइमस्टोन खनन के पेटे 43.31 करोड़ रुपए राजस्व दिया गया था. 

सोजत के प्लांट से योगदान 13.5 करोड़ का था तो नागौर के प्लांट से 30.03 करोड रुपए का राजस्व राज्य सरकार को मिला. अब अंबुजा ने जिन 20 ब्लॉक को ऊंची बोली लगाकर हासिल किया है उनसे राज्य सरकार को आने वाले वर्षों में 7352 करोड रुपए राजस्व मिलेगा. इसलिए तय माना जा रहा है कि अगले वित्त वर्ष में अंबुजा राज्य सरकार को राजस्व देने के मामले में अपने दसवें स्थान में सुधार कर चौथे या पांचवें स्थान पर पहुंच जाएगा.