Anurag Thakur ने राहुल गांधी पर चीन के नाम पर भय फैलाने का लगाया आरोप

नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर चीन के नाम पर ‘‘भय फैलाने’’ का शनिवार को आरोप लगाया और हैरानी जताई कि क्या विपक्षी नेता का सशस्त्र बलों से भरोसा उठ गया है.

ठाकुर ने गांधी की इस टिप्पणी के लिए उनकी आलोचना करते हुए कि चीनी ‘‘हमारे सैनिकों को पीट रहे थे.’’ ठाकुर ने दावा किया कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष चीनियों के साथ ‘‘सूप’’ पीने में व्यस्त थे, जब डोकलाम में भारतीय सैनिक चीनी जवानों से लड़ रहे थे. ठाकुर ने कहा कि इन लोगों की आदत है चीन के नाम पर डर फैलाना. लेकिन यह 1962 का भारत नहीं है, बल्कि यह 2014 का भारत है. भारत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है.

भारत अब रक्षा उपकरणों का निर्यातक है:
उन्होंने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) शासन के दौरान तत्कालीन सरकार ने सशस्त्र बलों को बुलेटप्रूफ जैकेट या राफेल लड़ाकू विमान उपलब्ध कराकर सशक्त नहीं बनाया था. उन्होंने कहा कि आज भारत में 300 से अधिक रक्षा उपकरण बनाये जा रहे हैं. भारत अब रक्षा उपकरणों का निर्यातक है और आयातक नहीं है. यह ‘आत्मनिर्भर भारत’ है. 

अरुणाचल प्रदेश में हमारे जवानों को पीट रहा:
राहुल ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि चीन युद्ध की तैयारी कर रहा है, जबकि भारत सरकार सोई हुई है और खतरे को नजरअंदाज करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि चीन ने 2,000 वर्ग किलोमीटर भारतीय क्षेत्र छीन लिया है, 20 भारतीय सैनिकों की हत्या कर दी है और अरुणाचल प्रदेश में हमारे जवानों को पीट रहा है. सोर्स-भाषा