भारत जोड़ो यात्रा के लिए कूच: पशुधन सहायक संवर्ग कर्मचारी होंगे यात्रा में शामिल, मांगों का निस्तारण नहीं होने से कर्मचारियों में रोष

जयपुर: अपनी मांगों को लेकर अब पशुपालन विभाग के कर्मचारी भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होकर विरोध जताएंगे. 18 दिसंबर को पशुपालन विभाग के कर्मचारी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे. राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ एकीकृत के प्रदेशाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में पशुपालन कर्मचारी जाएंगे. 

पशु चिकित्सा तकनीकी कर्मचारी संघ राजस्थान के पदाधिकारी 18 दिसंबर 2022 को भारत जोड़ो यात्रा में कूच करेंगे. संघ के प्रदेशाध्यक्ष बनवारी लाल बुनकर ने कहा कि राज्य सरकार व पशुपालन विभाग द्वारा संघ के मांग पत्र पर आज तक कई बार वार्ता करने के बाद भी लम्बित मांगों का निस्तारण नहीं किया गया है. इससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है. 

पशुधन सहायक संवर्ग कार्मिक सरकार के रवैये के विरोध में शनिवार को जयपुर से महासंघ एकीकृत के नेतृत्व में रवाना होंगे. राज्य केन्द्रीय मुद्रणालय जयपुर स्थित महासंघ एकीकृत कार्यालय से सुबह 9 बजे निकलकर मोती डूंगरी गणेश जी के धोक लगाकर अलवर कूच करेंगे. इस कूच में राजस्थान के प्रत्येक जिले से पशुधन सहायक संवर्ग कार्मिक शामिल होंगे.

ये हैं पशुधन सहायक संवर्ग कार्मिकों की प्रमुख मांगें:-
- पशुधन सहायक संवर्ग का पदनाम परिवर्तन किया जाए
- पशुधन सहायक व जलधारी के रिक्त पदों पर भर्ती हो
- पशुधन सहायक की ग्रेड-पे आयुर्वेद कंपाउंडर के समकक्ष की जाए
- पशुधन सहायक संवर्ग काउंसिल का गठन किया जाए, पंजीकरण हो
- पदोन्नति के अवसर बढाए जाएं, नवसृजित पदों का निर्माण किया जाए
- 2 वर्षीय डिप्लोमा कोर्स को डिप्लोमा इन वेटरनरी साइंस एंड एनमित हसबैंड्री की मान्यता हो
- डिप्लोमा कोर्स को तीन वर्षीय डिप्लोमा कोर्स + 6  माह इंटर्नशिप की जाए