अजमेर (शुभम जैन): राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की सेकंड ग्रेड भर्ती परीक्षा-2022 में डमी कैंडिडेट के रूप में शामिल होने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मामला अब तफ्तीश में है और पुलिस इससे जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका खंगाल रही है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जालौर निवासी दीपाराम को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिसने कथित तौर पर परीक्षा में एक अभ्यर्थी की जगह बैठकर पेपर दिया था.
बताया जा रहा है कि वास्तविक अभ्यर्थी ने प्रवेश पत्र में फोटो की टेम्परिंग की और उस पर दीपाराम की फोटो लगाई थी. इसी फर्जी फोटो पहचान के आधार पर दीपाराम परीक्षा केंद्र में उपस्थित हुआ और परीक्षा दी. चौंकाने वाली बात यह है कि परीक्षा परिणाम आने के बाद संबंधित अभ्यर्थी पास हो गया. बाद में दस्तावेज सत्यापन के दौरान फोटो मिलान में विसंगति सामने आई. काउंसलिंग के समय जब दस्तावेज जांचे गए तो इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ.
इसके बाद आयोग ने पुलिस को सूचना दी और मामला दर्ज करवाया.पुलिस ने पहले मुख्य अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया था, जिससे पूछताछ में दीपाराम का नाम सामने आया. पुलिस का कहना है कि दोनों ने मिलकर साजिश रची थी, ताकि अभ्यर्थी को नौकरी मिल सके. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह गिरोह अन्य भर्ती परीक्षाओं में भी सक्रिय रहा है और कहीं बड़े नेटवर्क के तार इससे जुड़े हैं.मामले की तफ्तीश जारी है.