संसद का बजट सत्र आज से, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों के सदस्यों को करेंगी संबोधित, कल पेश होगा अंतरिम बजट

नई दिल्लीः लोकसभा चुनाव 2024 से पहले संसद का बजट सत्र आज सुबह 11 बजे से शुरू होने जा रहा है. जिसकी शुरुआत संसद में आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन से होगी. राष्ट्रपति मुर्मू नई संसद में पहली बार दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) के सदस्यों को संबोधित करेंगी. राष्ट्रपति के संबोधन के साथ ही बजट सत्र की शुरुआत होगी. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले एक फरवरी को अंतरिम बजट पेश करेंगी. नई सरकार कार्यभार संभालने के बाद पूर्ण बजट पेश करेगी. 

राष्ट्रपति सुबह 10.55 बजे संसद भवन में पहुंचेंगी. नई संसद में पहली बार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों के सदस्यों को संबोधित करेगी. इस दौरान वे सरकार की उपलब्धियां बताएंगी. इसके बाद 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अंतरिम बजट पेश करेंगी. 

सत्र शुरू होने से पहले मंगलवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई गई. इसमें केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने जानकारी दी कि शीतकालीन सत्र में सस्पेंड हुए 146 विपक्षी सांसदों के निलंबन को रद्द कर दिया गया है. ये सभी सांसद आज से संसद की कार्यवाही में शामिल हो सकेंगे. 

बता दें कि लोकसभा चुनाव से पहले मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतरिम बजट होगा. ऐसे में सरकार इसके जरिए कई वर्गो को साधने की कोशिश करेगी. बजट में सरकार लोकसभा चुनाव के मद्देनजर किसानों को बड़ी राहत दे सकती है. इसके साथ ही कई और मुद्दों पर भी सरकार का फोकस रहने वाला है.