कैबिनेट मंत्री सुरेश रावत बोले, काशी, उज्जैन, अयोध्या-मथुरा की तर्ज पर पुष्कर में बनेगा भव्य कॉरिडोर, पुष्कर पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत

पुष्कर: राजस्थान में भाजपा के सत्ता में आने के बाद पुष्कर से तीसरी बार विधायक बने सुरेश रावत को कैबिनेट मंत्री के रूप में बड़ी जिम्मेदारी मिली है. पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार जल संसाधन मंत्री के रूप में विधायक सुरेश रावत पुष्कर पहुंचे. जहां उनका किशनगढ़ एयरपोर्ट से लेकर पुष्कर तक भाजपा कार्यकर्ता पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने फूल मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया. 

पुष्कर पालिका अध्यक्ष शिव स्वरूप महर्षि, पूर्व पालिका अध्यक्ष कमल पाठक, मंडल महामंत्री अरुण वैष्णव और मंडल अध्यक्ष पुष्कर नारायण भाटी ने जल संसाधन मंत्री विधायक सुरेश रावत के पुष्कर पहुंचने पर रामधाम तिराहे पर स्वागत किया, जिसके बाद पुष्कर के चुंगी नाके से स्वागत का दौरा शुरू होकर ब्रह्म चौक पर समाप्त हुआ. स्वागत के लिए कस्बे को विशेष रूप से सजाया गया था. पूरे रास्ते कैबिनेट मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ता और आम लोगों की शुभकामनाएं पैदल चलते हुए स्वीकार की. इस दौरान उन्होंने पुष्कर सरोवर पर पूजा अर्चना कर जगत पिता ब्रह्मा मंदिर में दर्शन किए.

पुष्कर सरोवर पर पूजा अर्चना करने के बाद पुष्कर विधायक और कैबिनेट मंत्री सुरेश रावत ने बड़ी घोषणा की उन्होंने कहा कि तीर्थ गुरु पुष्कर में भव्य कॉरिडोर बनने जा रहा है. जिसकी उम्मीद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाल ही में हुए पुष्कर दौरे के बाद जगी थी. केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इसको लेकर स्वीकृत की बात कही थी. विधायक रावत ने कहा कि वह केंद्रीय संस्कृति मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के साथ जल्द ही दिल्ली जाकर इसकी स्वीकृति लेकर आएंगे. 

विधायक रावत ने कहा कि वह पुष्कर से तीसरी बार विधायक चुने गए हैं उन्हें पुष्कर की विभिन्न समस्याओं के संबंध में जानकारी है वह जल्द ही समस्त समस्याओं का निराकरण करेंगे.तीर्थ गुरु पुष्कर के धार्मिक महत्व को समझते हुए यहां पर सुविधाओं का विकास किया जाएगा. जन संसाधन मंत्री सुरेश रावत ने कहा कि ईआरसीपी को लेकर मध्य प्रदेश और राजस्थान में विवाद सुलझ चुका है. जल्द ही परियोजना को पूरा कर राजस्थान के 13 जिलों को लाभ दिया जाएगा.