Chandrayaan-3: हालात प्रतिकूल होने पर लैंडिंग टल सकती 27 अगस्त तक: इसरो वैज्ञानिक

नई दिल्ली : अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र-इसरो, अहमदाबाद के निदेशक नीलेश एम.देसाई ने सोमवार को कहा कि यदि लैंडर मॉड्यूल के संबंध में कोई भी कारक प्रतिकूल प्रतीत होता है तो भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) चंद्रयान-3 की लैंडिंग को 27 अगस्त के लिए स्थानांतरित कर देगा.

23 अगस्त को, चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर उतरने से दो घंटे पहले, हम लैंडर मॉड्यूल की स्थिति और चंद्रमा की स्थितियों के आधार पर इस पर निर्णय लेंगे कि उस समय इसे उतारना उचित होगा या नहीं. यदि कोई भी कारक अनुकूल नहीं लगता है, तो हम 27 अगस्त को मॉड्यूल को चंद्रमा पर उतार देंगे. कोई समस्या नहीं होनी चाहिए और हम 23 अगस्त को मॉड्यूल को उतारने में सक्षम होंगे.

2 दिन पहले लोड किया जाएगा लैंडिंग का अंतिम क्रम: 

इसरो के अध्यक्ष और अंतरिक्ष विभाग के सचिव एस सोमनाथ ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विज्ञान और प्रौद्योगिकी, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष जितेंद्र सिंह से मुलाकात की और उन्हें 'चंद्रयान -3' की स्थिति और तैयारियों से अवगत कराया. 23 अगस्त, 2023 को चंद्रमा पर लैंडिंग निर्धारित है. इसरो के अध्यक्ष ने मंत्री को चंद्रयान-3 की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी दी और कहा कि सभी प्रणालियां पूरी तरह से काम कर रही हैं और बुधवार को किसी आकस्मिकता की आशंका नहीं है. अगले दो दिनों में चंद्रयान-3 की सेहत पर लगातार नजर रखी जाएगी. उन्होंने कहा, लैंडिंग का अंतिम क्रम दो दिन पहले लोड किया जाएगा और उसका परीक्षण किया जाएगा.

23 अगस्त 6:04 बजे लैंड़ होने को तैयार: 

बैठक के दौरान मंत्री जितेंद्र सिंह ने 'चंद्रयान-3' के इस बार सॉफ्ट लैंडिंग करने पर भरोसा जताया, इसरो ने कहा कि चंद्रयान-3 23 अगस्त, 2023 को लगभग 18:04 बजे IST पर चंद्रमा पर उतरने के लिए तैयार है. लाइव गतिविधियां इसरो वेबसाइट, इसके यूट्यूब चैनल, फेसबुक और सार्वजनिक प्रसारक डीडी नेशनल टीवी पर 23 अगस्त, 2023 को 17:27 IST से उपलब्ध होंगी.