देशभर में छठ महापर्व की धूम, सूर्य उपासना के महापर्व छठ का आज हो रहा समापन, घाटों पर उगते सूर्य को अर्घ्य दे रही व्रती महिलाएं 

देशभर में छठ महापर्व की धूम, सूर्य उपासना के महापर्व छठ का आज हो रहा समापन, घाटों पर उगते सूर्य को अर्घ्य दे रही व्रती महिलाएं 

नई दिल्ली: सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा का आज पूरे देश में श्रद्धा और आस्था के साथ समापन हो रहा है. देश के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धालु आज उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर भगवान भास्कर और छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना कर रहे हैं. व्रती महिलाओं ने 36 घंटे के निर्जला उपवास के बाद आज उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत पूर्ण किया. 

यह व्रत अपनी कठोरता और अनुशासन के लिए प्रसिद्ध है. व्रती महिलाएं पूरे समय संयम और पवित्रता का पालन करते हुए परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना करती हैं. छठ पर्व की शुरुआत ‘नहाय-खाय’ से होती है, जब व्रती शुद्ध भोजन ग्रहण करते हैं. इसके बाद ‘खरना’ के दिन गुड़-चावल की खीर का प्रसाद बनाकर पूजा की जाती है. तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पर्व का समापन होता है. 

देशभर के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है. महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सजे घाटों पर टोकरी में ठेकुआ, फल, और नारियल जैसे प्रसाद लेकर सूर्यदेव को अर्घ्य दे रही हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से घाटों पर विशेष इंतज़ाम किए गए हैं. सफाई, प्रकाश व्यवस्था, और चिकित्सा सुविधाओं के साथ पुलिस बल की तैनाती भी की गई है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.