जयपुरः विधानसभा में मस्जिदों के लाउडस्पीकर का मुद्दा उठाने जाने के बाद अब इस पर सियासत तेज हो गइ्र है. हवामहल से भाजपा विधायक बालमुकुंदाचार्य ने विधानसभा में यह मामला उठाया था और कहा था कि आवाज कम होनी चाहिए. इस मामले को लेकर कांग्रेस के कई विधायकों ने आपत्ति दर्ज कराई थी, तो अब कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष एमडी चौपदार ने भी इस मामले को लेकर विधायक बालमुकुंदाचार्य पर निशाना साधा है. एमडी चौपदार ने कहा कि बाल मुकुंदाचार्य भूल गए हैं कि वो विधायक हैं उन्हें इस पद की गरिमा की कोई जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि मस्जिदों में अजान भी होगी, मंदिरों में आरती भी होगी और गिरजाघर में प्रार्थना भी होगी.
जयपुर के कांस्टीट्यूशन क्लब में शनिवार को कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के नवनियुक्त जिलाध्यक्षों के ट्रेनिंग कैंप का मौका था, लेकिन यहां से संदेश पूरी तरह सियासी दिया गया. अल्पसंख्यक के विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एमडी चौपदार ने भाजपा विधायक बालमुकुंदाचार्य पर जमकर निशाना साधा. चौपदार ने कहा कि बालमुकुंदाचार्य भूल जाते हैं वो विधायक बन चुके हैं वो अभी भी आरएसएस की प्रणाली पर काम कर रहे हैं. कभी ईमित्र की दुकान पर जाकर जांच करने लग जाते हैं,कभी मस्जिदों के बाहर पोस्टर चिपकाने लग जाते हैं. भाजपा को चाहिए कि वो अपने विधायकों के लिए एक ऐसा ट्रेनिंग कैंप भी आयोजित करें जिसमें उन्हें संविधान और कानून की जानकारी दी जाए. एमडी चौपदार ने राज्य सरकार की ओर से लाए जा रहे डिस्टर्ब एरिया बिल को लेकर भी कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है.
इससे पहले कांस्टीट्यूशन क्लब में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के नवनियुक्त जिलाध्यक्षों का ट्रेनिंग कैंप रखा गया जिसमें जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और कांग्रेस विचारक सुनील शर्मा ने कांग्रेस के रीति नीति, कल्चर का पाठ पढ़ाया और सोशल मीडिया की जानकारी भी दो. साथ ही यह भी बताया कि किस प्रकार से केंद्र और भाजपा की सरकार अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ काम कर रही है किस प्रकार से उन्हें परेशान किया जा रहा है. एमडी चौपदार ने कहा कि 16 फरवरी को कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की ओर से बिड़ला सभागार में पैगाम ए मोहब्बत सद्भावना कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी, टीकाराम जूली, सचिन पायलट सहित कई अन्य नेता भी शामिल होंगे.