जयपुर : राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान का स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आज का दिन काफी महत्वपूर्ण है. ये आयुर्वेद के गौरवशाली इतिहास को याद करने का दिन है. राजस्थान की मिट्टी में आयुर्वेद की जड़ है. यहां की मिट्टी में आयुर्वेद की आवश्यक उत्पादन क्षमता है. यहां की हर पहाड़ी, हर पौधा इस बात का साक्षी है कि आयुर्वेद राजस्थान के रग-रग में बसा है. अरावली की पहाड़ियों से मिलने वाली जड़ी-बूटियां हो या मरुस्थल के पेड़-पौधे.
NIA के लिए राजधानी में जरूरत के हिसाब से जमीन देने की घोषणा:
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय राज्य मंत्री की मांग पर की ये घोषणा करते हुए कहा कि NIA के अधिकारी हमारे अधिकारियों से राय-मशविरा कर लेवें. जो भी जगह अधिकारी तय कर देंगे, उसका राज्य सरकार जरूर आवंटन करेगी. हमें भी पता है मौजूदा संस्थान में जगह कम है और इसके विस्तार की जरूरत है. मैं वादा करता हूं कि राज्य सरकार जनता के हित में जमीन आवंटन जल्द करेगी. NIA को जरूरत के हिसाब से जमीन आवंटन जल्द करेगी.
समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का फिर झलका दर्द:
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने RGHS योजना में हो रही गड़बड़ियों को लेकर कहा कि सरकार की मंशा है कि योजना के हर पात्र व्यक्ति को फ्री में इलाज मिले. लेकिन कुछ लोग गड़बड़ियां कर रहे हैं, एक-एक कार्मिक 75 डिब्बे च्यवनप्राश ले रहा है. ये तो सिर्फ उदाहरण है, लेकिन अब इन गड़बड़ियों की रोकथाम के लिए सख्ती शुरू कर दी गई है. गड़बड़ियां करने वाले ये न समझे कि कोई देख नहीं रहा,अब हर जगह मॉनिटरिंग हो रही है.