नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के युवाओं से संवाद किया. प्रधानमंत्री मोदी ने 62 हजार करोड़ की सौगात दी. बिहार के युवाओं के साथ वर्चुअल संवाद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कुछ वर्ष पहले हमारी सरकार ने ITI छात्रों के लिए बड़े पैमाने पर दीक्षांत समारोहों की एक नई परंपरा शुरू की थी.
आज हम सभी इस परंपरा में एक और मील का पत्थर देख रहे हैं. मैं भारत के कोने-कोने से आए सभी युवा ITI साथियों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं. आज का यह समारोह भारत में कौशल को दिए जाने वाले महत्व का प्रतीक है. आज देश भर के युवाओं के लिए दो और बड़ी शिक्षा एवं कौशल विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है.
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विज्ञान भवन में 62,000 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली विभिन्न युवा-केंद्रित पहलों का अनावरण किया. प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार की पुनर्गठित मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का शुभारंभ किया, जिसके तहत 5 लाख स्नातकों को दो वर्षों तक 1,000 रुपये मासिक भत्ता प्रदान किया जाएगा.
प्रधानमंत्री ने उद्योग-उन्मुख पाठ्यक्रमों और व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बिहार में जन नायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय का उद्घाटन किया. प्रधानमंत्री ने बिहार के चार विश्वविद्यालयों में नई शैक्षणिक और अनुसंधान सुविधाओं की आधारशिला भी रखी और बिहटा में NIT पटना के नए परिसर का लोकार्पण किया.