VIDEO: राजस्थान पुलिस का 77वां स्थापना दिवस, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का बड़ा संदेश, कानून व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता, देखिए ये रिपोर्ट

जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान पुलिस के 77 वें स्थापना दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में शिरकत करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना और आमजन को सुरक्षित व भयमुक्त वातावरण देना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने दोहराया कि सरकार भ्रष्टाचार के प्रति “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर मजबूती से काम कर रही है और अपराध मुक्त राजस्थान के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है. राजधानी जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान पुलिस ने अपने 77 वर्षों के गौरवशाली इतिहास में साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की अनूठी मिसाल कायम की है.

उन्होंने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका बलिदान हमेशा प्रदेशवासियों को प्रेरित करता रहेगा. मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार की सख्त नीतियों और पुलिस की प्रभावी कार्रवाई के चलते पिछले दो वर्षों में प्रदेश में अपराधों में 18.77 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है. हत्या के मामलों में 25.68 प्रतिशत, डकैती में 47.26 प्रतिशत, लूट में 50.75 प्रतिशत तथा महिला अत्याचार के मामलों में लगभग 10 प्रतिशत की गिरावट आई है. उन्होंने इसे मजबूत कानून व्यवस्था और प्रभावी पुलिसिंग का परिणाम बताया.

सीएम ने कहा कि पुलिस और समाज एक-दूसरे के पूरक हैं. कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देकर साइबर अपराध, नशे और संगठित अपराध जैसी चुनौतियों से बेहतर तरीके से निपटा जा सकता है. उन्होंने नागरिकों से जागरूकता बढ़ाने और पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया. मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में नशे के खिलाफ कार्रवाई के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया गया है, जिसके तहत एक पुलिस थाना और 17 चौकियां स्थापित की गई हैं. वहीं, संगठित अपराधों पर नियंत्रण के लिए एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स प्रभावी ढंग से काम कर रही है, जिससे अवैध हथियारों के उपयोग और उससे होने वाली घटनाओं में कमी आई है.

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने सेरेमोनियल परेड का निरीक्षण किया, जिसमें विभिन्न इकाइयों की 12 प्लाटून ने हिस्सा लिया. परेड में अनुशासन और शौर्य का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया तथा सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों के लिए नया पोर्टल और मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया तथा सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों के लिए नया पोर्टल और मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया. 

इस मौके पर राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस सजग प्रहरी के रूप में प्रदेश में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्य कर रही है. उन्होंने विश्वास दिलाया कि पुलिस बल आधुनिक तकनीक और संसाधनों के साथ भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है. कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.
राजस्थान पुलिस का इतिहास उपलब्धियों से भरा हुआ है. मौजूदा समय में भी सीएम के नेतृत्व में राजस्थान पुलिस सही दिशा में काम कर रही है. सीएम ने उम्मीद जताई है कि आने वाले दिनों में बेहतर काम से राजस्थान पुलिस देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बनेगी. 

...सत्यनारायण शर्मा के साथ शिवेंद्र सिंह परमार की रिपोर्ट