जोधपुर: जोधपुर में साध्वी प्रेम बाईसा के पिता बीरम दास से दूसरी बार पूछताछ का मामला सामने आया है. यह पूछताछ एसीपी बोरानाडा के कार्यालय में लगातार जारी रही, जिसमें डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस विनीत बंसल ने स्वयं पूछताछ की. इस दौरान आईपीएस रोशन मीणा और एसआईटी की मुखिया छवी शर्मा भी मौजूद रहीं. पूछताछ के बाद डीसीपी विनीत बंसल ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मृतका के शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट के निशान नहीं पाए गए हैं.
उन्होंने कहा कि एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा संभव हो पाएगा और पुलिस कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए जांच को तेजी से आगे बढ़ा रही है. साध्वी के अकाउंट से किए गए पोस्ट और मोबाइल से जुड़े तथ्यों की भी गहनता से जांच की जा रही है. पूछताछ के बाद फिलहाल साध्वी के पिता बीरम नाथ को पुलिस ने फ्री कर दिया है. जोधपुर में साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार गहराता जा रहा है. जांच के तहत गठित एसआईटी ने साध्वी प्रेम बाईसा के आश्रम को पूरी तरह अपने कब्जे में लेकर हर पहलू की बारीकी से पड़ताल शुरू कर दी है.
एसआईटी की मुखिया छवि शर्मा अपनी टीम के साथ घटनाक्रम से जुड़े प्रत्येक बिंदु की गहन जांच कर रही हैं. इसी बीच मामले में उस वक्त एक अजीब मोड़ आ गया, जब साध्वी के पिता ब्रह्म नाथ अचानक जोधपुर लौट आए. उनके आरती नगर स्थित आवास पर पहुंचते ही पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश स्वयं मौके पर पहुंचे और उन्होंने साध्वी के पिता से मनोवैज्ञानिक आधार पर लंबी पूछताछ की, जिसके बाद पुलिस को मामले में नई उम्मीद जगी है. जांच का दायरा अब सोशल मीडिया तक भी फैल गया है.
साध्वी प्रेम बाईसा के नाम से उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर न्याय की मांग को लेकर की गई पोस्ट को लेकर भी एसआईटी गंभीरता से जांच कर रही है. पूछताछ के दौरान साध्वी के पिता ब्रह्म नाथ द्वारा दी गई अहम जानकारियों से पुलिस को कुछ पुराने प्रसंगों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जुड़ती नजर आ रही हैं. इन्हीं तथ्यों के आधार पर आने वाले समय में कुछ और संबंधित लोगों को हिरासत में लिया जा सकता है. फिलहाल पुलिस को एफएसएल और पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है. साध्वी की तबीयत बिगड़ने, उन्हें अस्पताल ले जाने और बाद में वापस घर लाने तक की पूरी प्रक्रिया की गहन जांच की जा रही है.
आत्महत्या के लिए उकसाने, जहर दिए जाने और अस्थमा के कारण लगाए गए इंजेक्शनों जैसे सभी संभावित पहलुओं को पुलिस गंभीरता से खंगाल रही है. अप्रत्यक्ष रूप से साध्वी के पिता भी एसआईटी की निगरानी में हैं और जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होने की उम्मीद जताई जा रही है. मीडिया से मुख़ातिब होते हुए साध्वी प्रेम बाईसा के पिता ब्राह्म नाथ ने जो कहानी पहले कही थी उसी को वापस दोहराया है.