जयपुरः प्रदेश के सोलर सेक्टर के लिए आज का दिन गौरव का पल रहा. सोलर पैनल मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की प्रमुख राजस्थान बेस्ड कंपनी इंसोलेशन एनर्जी लिमिटेड सोलर यानी INA ने एक रुपये अंकित मूल्य के 22,03,94,625 इक्विटी शेयरों को बीएसई लिमिटेड और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनएसई) के मेनबोर्ड पर सफलतापूर्वक सूचीबद्ध कर लिया. कंपनी इससे पहले बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध थी, जिसे अब बीएसई मेनबोर्ड पर माइग्रेशन तथा एनएसई के कैपिटल मार्केट सेगमेंट (मेनबोर्ड) पर सीधी लिस्टिंग की अंतिम मंजूरी मिली है. इसके साथ ही कंपनी के शेयर दोनों प्रमुख एक्सचेंजों पर कारोबार के लिए उपलब्ध हो गए हैं. इस मौके पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर मुख्य अतिथि, जयपुर के पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के चीफ मैनेजर जसवंत जैन मौजूद रहे.
कार्यक्रम के दौरान नागर ने कहा कि राजस्थान देश में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से अग्रणी बन रहा है और यहां सोलर मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए राज्य में अनुकूल औद्योगिक वातावरण विकसित किया जा रहा है. इंसोलेशन एनर्जी लिमिटेड जैसी कंपनियां राजस्थान को सोलर मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं. कंपनी का बीएसई और एनएसई के मेनबोर्ड पर सूचीबद्ध होना राज्य के औद्योगिक विकास और स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार के लिए एक सकारात्मक संकेत है.
इस मौके पर INA सोलर कंपनी के चेयरमैन मनीष गुप्ता ने कहा कि बीएसई और एनएसई के मेनबोर्ड पर हमारी यह लिस्टिंग कंपनी की विकास यात्रा का एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है. यह उपलब्धि हमारे निवेशकों के विश्वास, हमारी टीम की मेहनत और मजबूत कॉर्पोरेट गवर्नेंस के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का परिणाम है. हमें विश्वास है कि यह कदम कंपनी की विश्वसनीयता और विकास को नई दिशा देगा.”. जबकि कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर विकास जैन ने कहा कि एसएमई प्लेटफॉर्म से मेनबोर्ड तक का यह सफर केवल एक उपलब्धि नहीं बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है. कंपनी लगातार तकनीकी नवाचार, उत्पादन क्षमता विस्तार और गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के माध्यम से सौर ऊर्जा क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है.