राजस्थान के किसानों को बड़ी राहत: 15 जिलों की 87 तहसीलों में फसली ऋण अब मध्यकालीन ऋण में बदलेगा, किस्तों में कर सकेंगे भुगतान

जयपुर: राजस्थान में सूखे की मार झेल रहे किसानों को बड़ी राहत मिली है. प्रदेश के 15 जिलों की 87 तहसीलों में सूखे से प्रभावित किसानों के अल्पकालीन फसली ऋण को मध्यकालीन ऋण में परिवर्तित किया जाएगा. इस संबंध में रजिस्ट्रार सहकारी समितियां डॉ. समित शर्मा ने प्रदेशव्यापी निर्देश जारी किए हैं. इस फैसले से किसानों को एकमुश्त ऋण चुकाने की बाध्यता से राहत मिलेगी और वे किस्तों में ऋण का भुगतान कर सकेंगे.

इन 15 जिलों के किसानों को मिलेगी राहत:
प्रदेश के बांसवाड़ा, बाड़मेर, बालोतरा, चूरू, डूंगरपुर, ब्यावर, जैसलमेर, जालोर, जोधपुर, फलोदी, नागौर, पाली, सिरोही, बीकानेर और राजसमंद जिलों की कुल 87 तहसीलों के सूखा प्रभावित किसानों को इस फैसले का लाभ मिलेगा.

ऋण चुकाने के लिए मिलेगा अतिरिक्त समय:
सूखे के कारण फसलों को हुए नुकसान से किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में अल्पकालीन फसली ऋण को मध्यकालीन ऋण में परिवर्तित करने से किसानों को ऋण चुकाने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा. साथ ही एकमुश्त भुगतान के बजाय किस्तों में ऋण अदायगी की सुविधा मिल सकेगी.

सहकारी बैंक उपलब्ध कराएंगे आवश्यक अंशदान:
राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) की नीति के अनुरूप सहकारी बैंक आवश्यक अंशदान उपलब्ध कराएंगे. सरकार के इस कदम से सूखे से प्रभावित गांवों के हजारों किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा. साथ ही ऋण अदायगी का दबाव कम होने से किसानों को अपनी कृषि गतिविधियां जारी रखने में मदद मिलेगी.