सोनिया गांधी की पुस्तक में अशोक गहलोत का जिक्र, इंदिरा गांधी के दौर से जानती थीं पूर्व मुख्यमंत्री को, जानें किन अन्य नेताओं का किया उल्लेख?

जयपुर: कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का उल्लेख किया है. सोनिया गांधी ने राजीव गांधी के सहयोगियों का जिक्र करते हुए अशोक गहलोत समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के राजनीतिक सफर का उल्लेख किया है. खास बात यह है कि इस प्रसंग में राजस्थान से केवल अशोक गहलोत का नाम शामिल है.

सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में लिखा है कि राजीव गांधी के कई सहयोगियों को वह पहले से जानती थीं. इनमें कुछ नेता ऐसे भी थे, जिन्हें वह इंदिरा गांधी के समय से जानती थीं. इनमें से कई नेता युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के माध्यम से राजनीति में आगे बढ़े और बाद में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तथा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री भी बने.

दिग्विजय सिंह और विलासराव देशमुख का भी उल्लेख:

सोनिया गांधी ने इस संदर्भ में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख का नाम लिया है.

गौरतलब है कि अशोक गहलोत का कांग्रेस में लंबा राजनीतिक सफर रहा है. छात्र राजनीति से शुरुआत करने वाले गहलोत राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री और तीन बार राजस्थान के मुख्यमंत्री रह चुके हैं. सोनिया गांधी की पुस्तक में उनका उल्लेख कांग्रेस की राजनीति में उनके लंबे अनुभव और गांधी परिवार के साथ पुराने राजनीतिक संबंधों को रेखांकित करता है.