राहुल गांधी का बड़ा दावा- ‘सरकार मेरा फोन टैप करवा रही है’, खुली बहस की दी चुनौती

नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सरकार पर उनका फोन टैप करवाने का आरोप लगाया है. राहुल ने मोबाइल दिखाते हुए दावा किया कि सबूत यहां है. उन्होंने संसद में अपनी बात रखने का मौका नहीं मिलने का आरोप भी लगाया है.

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘भाजपा कहती है कि बातचीत संसद में ही हो सकती है, लेकिन मुझे संसद में बोलने नहीं दिया जाता. मेरा माइक्रोफोन तक बंद कर दिया जाता है. उन्होंने खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा, ‘‘इसलिए आइए और टेबल पर ओपन डिबेट करिए.

राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें कृषि कानूनों, वोट चोरी, एसआईआर, चीन, जनरल नरवणे की किताब और एपस्टीन जैसे मुद्दों पर बोलने नहीं दिया गया. मैं लंबे भाषणों वाली बहस नहीं चाहता, मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधी बातचीत करना चाहता हूं. जिसमें हम दोनों एक-दूसरे पर आरोप लगा सकें. मैं गारंटी देता हूं कि आमने-सामने की बहस के बाद मोदी, प्रधानमंत्री पद पर नहीं रहेंगे.

वहीं राहुल गांधी के आरोपों को लेकर उत्तरप्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, " राहुल गांधी अपने जीवन की सबसे निचले स्तर की ‘घटिया राजनीति’ कर रहे हैं. उनका यह स्तर नहीं कि यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी उनसे बहस करें. आरोप लगाना और भाग खड़ा होना उनकी पुरानी फ़ितरत हैय फोन टैपिंग का आरोप भी उनकी हल्ला बोल राजनीति का हिस्सा है.