VIDEO: बंगाल-असम जीत पर जयपुर में BJP का जश्न, CM भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी का सुना संदेश, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: पश्चिम बंगाल और असम में बीजेपी की जीत का जश्न पूरे भारत में जोर शोर से मनाया गया. राजस्थान की बीजेपी भी पीछे नहीं रही पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ता जश्न मनाने के लिए उमड़ पड़े प्रफुल्लित सीएम भजन लाल शर्मा और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने एक दूसरे को खिलाई मिठाई. सीएम भजन लाल शर्मा ने कहा बीजेपी में तुष्टिकरण का आज अंत हुआ, पीएम मोदी के नेतृत्व के प्रति बंगाल की जनता ने जताया विश्वास.. बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में ही सीएम भजन लाल शर्मा ने पीएम मोदी का सुना संदेश.

झालमुडी ले लो झालमुडी... जी हां ये आवाज आपने कोलकाता में तो बहुत सुनी होगी. राजस्थान की राजधानी जयपुर में ये आवाज जोश के साथ सुनाई दी. जोश था बीजेपी के कार्यकर्ताओं का जोश था बंगाल में मिली ऐतिहासिक जीत का जोश था ममता बनर्जी को हराने का फिर क्या पार्टी के कार्यकर्ताओं के जोश और जश्न में भागीदारी निभाने के लिए सीएम भजन लाल शर्मा और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी पीछे नहीं रहे. राजस्थान का बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में आतिशबाजी हुई तो मिठाई भी बंटी. बंगाल की प्रसिद्ध मिठाई सन्देश से बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मुंह मीठा कराया सीएम भजन लाल शर्मा का..इस दौरान भजन लाल सरकार के मंत्रियों और बीजेपी पदाधिकारियों के बीच उत्साह और उमंग देखने लायक था. महिला कार्यकर्ताओं ने गीत सुनाए तो सीएम भजन लाल शर्मा ने ओजस्वी संबोधन में कहा कि बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बेहद कठिन परिस्थितियों में काम किया. कई कार्यकर्ताओं ने अपनी जान गंवाई और कई घायल हुए, लेकिन उन्होंने संघर्ष जारी रखा. उन्होंने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं के समर्पण और बलिदान को समर्पित है, साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि वहां व्यापारी वर्ग सुरक्षित माहौल में काम नहीं कर पा रहा था, लेकिन अब हालात बदलेंगे. मुख्यमंत्री ने इस जीत में प्रवासी राजस्थानियों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया और कहा कि उन्होंने संगठन को मजबूती दी. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके विजन से देश लगातार प्रगति कर रहा है और वैश्विक स्तर पर भारत की साख मजबूत हुई है. बंगाल की जनता ने पीएम मोदी की नीतियों के प्रति विश्वास जताया.

बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में अपनी बात कहते हुए सीएम भजन लाल शर्मा ने बंगाल चुनावों में अहम भूमिका निभाने वाले केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और बीजेपी राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल की तारीफ की साथ ही वहां गए समस्त कार्यकर्ताओं का आभार जताया. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पश्चिम बंगाल चुनाव परिणामों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “गारंटी” बताया है. उन्होंने कहा कि इस जीत से देश का हर राष्ट्रभक्त नागरिक खुश है और यह जनविश्वास की जीत है.

बंगाल और असम में बीजेपी की जीत से उत्साहित सीएम भजन लाल शर्मा ने पार्टी नेताओं के सामने राजस्थान के विकास को लेकर कहा कि मिथक टूटेगा  सरकार ने जनता की मांगों को प्राथमिकता से पूरा किया है आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा बड़े बहुमत से सरकार दोबारा बनाएगी. 

बहरहाल पांच राज्यों के चुनावों के बाद राजस्थान की बीजेपी पंचायत और निकाय चुनावो की तैयारी में जुटेगी. अब बीजेपी सत्ता और संगठन जल्द कराना चाहेंगे निकाय और पंचायत के चुनाव. बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच फीलगुड का संचार साफ नजर आया.