VIDEO: भाजपा महिला मोर्चा की कार्यशाला, आत्मनिर्भर महिलाओं का सम्मान किया जाएगा, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: राजस्थान की भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी है. आधी आबादी को साधने के लिए भाजपा मुख्यालय पर महिला मोर्चा की बड़ी पहल देखने को मिली है. शक्ति वंदन कार्यशाला का आयोजन हुआ. महिला मोर्चा अभियान चलाएगा और गांव गांव जाकर आत्मनिर्भर महिलाओ का सम्मान किया जाएगा. कार्यशाला को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और ग्रामीण विकास पंचायती राज मंत्री डॉ किरोड़ी लाल मीणा ने संबोधित किया.

पिछले लोकसभा चुनावों में नरेंद्र मोदी को महिलाओं का जबरदस्त समर्थन मिला था और राजस्थान में बीजेपी ने 25सीटों को जीतकर झोली में डाल लिया. बड़ा योगदान आधी आबादी का रहा. अब फिर से महिलाओं को साधने के लिए बीजेपी ने रणनीतिक तैयारी शुरू कर दी है. बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में  शक्ति वंदन अभियान की कार्यशाला आयोजित हुई. मोदी सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं को जन जन तक प्रचार प्रसार करने का निर्णय लिया. अभियान के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा.इस दौरान  गांव-गांव जाकर आत्मनिर्भर महिलाओं का सम्मान किया जाएगा,महिलाओं से स्वंय सहायता समूह और एनजीओ के माध्यम से संपर्क और लाभार्थी महिलाओं से संवाद किया जाएगा

कार्यशाला में प्रदेश की 19 सदस्यों वाली टोली शामिल हुई. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ,सह प्रभारी विजया राहटकर, कैबिनेट मंत्री डॉ किरोड़ी लाल मीणा, राज्य मंत्री मंजू बाघमार ,महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रक्षा भंडारी समेत प्रमुख नेता शामिल हुए.

कार्यशाला में प्रदेश के अभियान प्रभारी, संयोजक, सह संयोजक और महिला मोर्चा के पदाधिकारी शामिल हुए. रसोई तक बीजेपी की योजनाएं पहुंचे और प्रत्येक महिला को बीजेपी से जोड़ने की रणनीति को कार्यशाला में अमलीजामा पहनाया गया.

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद होने वाले कार्यक्रमों में भी महिला मोर्चा अपनी भूमिका निभायेगी. एक बार फिर से महिला मोर्चा ने महिलाओं को लोकसभा चुनावों में अधिक संख्या में टिकट देने की पैरवी की.