भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ बोले, पंचायत चुनाव में निश्चित रूप से प्राप्त करेंगे सफलता, BJP के विकास विजन के चलते हम होंगे सफल

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ बोले, पंचायत चुनाव में निश्चित रूप से प्राप्त करेंगे सफलता, BJP के विकास विजन के चलते हम होंगे सफल

जोधपुर: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का जोधपुर दौरे पर हैं. सर्किट हाउस में भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया. निकाय चुनाव में बड़ी सफलता मिलने पर मदन राठौड़ को बधाई दी. मीडिया से रूबरू हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पंचायत चुनाव में निश्चित रूप से सफलता प्राप्त करेंगे.  भाजपा के विकास विजन के चलते हम सफल होंगे. हमारी सरकार के विकास कार्यों के चलते आमजन से हमारा सीधा जुड़ाव है. SIR मतदाता सूची को सही करने के लिए है. SIR मतदाता सूची में देश के नागरिकों की पहचान के लिए है. अपने फायदे के लिए मतदाता सूची में फर्जी रूप से नाम जोड़े गए. SIR से फर्जी मतदाताओं और अवैध घुसपैठियों की पहचान हो. 

मदन राठौड़ रविवार रात जोधपुर पहुंचे. आज सुबह सर्किट हाउस में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की नीतियों पर जनता के विश्वास की जीत बताया. मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने के साथ आम नागरिक का जीवन स्तर बेहतर करने के लिए कई योजनाएं लागू की हैं. पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंतिम छोर के व्यक्ति को मजबूत करने की सोच के आधार पर सरकार काम कर रही है.

उन्होंने कहा कि जनता ने इन कार्यों पर अपनी मुहर लगाई है. उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए बिजली, चिकित्सा, किसानों के लिए सम्मान निधि में राज्य सरकार की ओर से ₹3,000 जोड़ने, एमएसपी बढ़ाने, बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भरता, औद्योगिक विकास और राइजिंग राजस्थान जैसे प्रयासों को गिनाया. राठौड़ ने दावा किया कि सरकार ने सरकारी नौकरियों के साथ कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई पर भी काम किया है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव में पार्टी ने स्थानीय निकायों को मजबूत करने का संकल्प पत्र जारी किया था. शहरों में ड्रेनेज, सड़क, अंडरपास, ओवरब्रिज, पानी की निकासी, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने की दिशा में काम किया जाएगा.प्रवासी नेटवर्क जुड़ें

उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य डबल इंजन की सरकार को ट्रिपल इंजन की सरकार में बदलकर विकास को गति देना है. उन्होंने स्थानीय निकाय चुनावों के परिणाम को भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता के विश्वास की जीत बताया. मदन राठौड़ ने आगामी पंचायत चुनावों को लेकर कहा कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है और बूथ कार्यकर्ता से लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व तक सभी एकजुट हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भी शहरी क्षेत्रों के नागरिकों की तरह बेहतर सुविधाएं मिले. उन्होंने पंचायत चुनावों में भी जनता के समर्थन का भरोसा जताया.

EWS के मुद्दे पर मदन राठौड़ ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को राहत देने की शुरुआत भाजपा सरकार ने की थी. उन्होंने कहा कि इसमें जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर करने के लिए सरकार प्रयास करेगी और सामान्य वर्ग के जरूरतमंद लोगों को भी राहत देने के लिए विचार किया जाएगा. SIR के मुद्दे पर राठौड़ ने कहा कि देश की सत्ता तय करने का अधिकार देश के नागरिकों को ही होना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि SIR में मतदाता सूची में नाम के लिए पारिवारिक लिंक की व्यवस्था की जा रही है. उन्होंने कांग्रेस पर बाहर के लोगों को वोटर बनाने का आरोप लगाया और कहा कि इस मुद्दे पर पारदर्शिता जरूरी है.

ईवीएम और चुनाव परिणामों पर उठाए जा रहे सवालों को लेकर उन्होंने कहा कि जहां विपक्ष जीतता है, वहां ईवीएम पर सवाल नहीं उठाए जाते, जबकि हार के बाद ईवीएम या SIR को जिम्मेदार ठहराया जाता है. उन्होंने चुनाव आयोग को स्वतंत्र संवैधानिक संस्था बताते हुए कहा कि जनादेश का सम्मान किया जाना चाहिए. बासनी क्षेत्र में केमिकल फैक्ट्री हादसे में फायर फाइटर्स के झुलसने के मामले पर मदन राठौड़ ने चिंता जताई. उन्होंने कहा कि आग बुझाने के दौरान दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई और सरकार पीड़ित परिवारों के साथ है.नए स्थान तलाशें

उन्होंने कहा कि घायलों को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए गए हैं और परिवारों की हर संभव मदद की जाएगी. राठौड़ ने कहा कि हादसे की पूरी जांच कराई जाएगी. यदि कोई गतिविधि जानलेवा या अवैध पाई जाती है तो उसके खिलाफ अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने फायर फाइटर्स के उपकरणों में कमी की बात से इनकार करते हुए कहा कि आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं और आगे भी किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी. उन्होंने बताया कि आग बुझने के बाद केमिकल वाले हिस्से में दोबारा आग भड़कने से यह हादसा हुआ, जिसकी जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी.