प्रतापगढ़ : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज प्रतापगढ़ के बम्बोरी गांव का दौरा किया. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज सुबह पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों से घर घर जाकर आत्मीय संवाद किया. बुजुर्गों का लिया आशीर्वाद और बच्चों को दुलार किया. स्थानीय सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली. इस दौरान बच्चों से पढ़ाई और होमवर्क पर बात करते हुए उन्हें चॉकलेट्स वितरित की.
मुख्यमंत्री ने एक बच्चे की कॉपी में होमवर्क भी चैक कर हस्ताक्षर भी किए. मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों से स्वास्थ्य व पेंशन योजनाओं व महिलाओं से राजीविका से जुड़ाव को लेकर संवाद किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों के विकास से ही विकसित राजस्थान का सपना साकार होगा. मुख्यमंत्री ने लक्ष्मीनाथ मंदिर एवं चारभुजानाथ जी मंदिर में दर्शन भी किए.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बंबोरी गांव में मॉर्निंग वॉक किया. चंपा बावड़ी के निकट ही खाट लगाकर चाय की चुस्कियां ली. ग्रामीण के घर से ही बनवाकर चाय मंगवाई. मुख्यमंत्री का अभिवादन करने के लिए महिलाएं घूंघट में ही पहुंची. ग्रामीणों के साथ मुख्यमंत्री ने चाय पर चर्चा की. ग्रामीणों से खेती-बाड़ी के संबंध में जानकारी ली.
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लेकर भी जानकारी दी. महिलाओं ने बताया कि पशुओं की देखभाल,खेती बाड़ी में पूरा समय व्यतीत हो जाता है. मुख्यमंत्री ने महिलाओं को कहा कि पशुओं का दूध सरस डेयरी को दो. 5 रुपया प्रति लीटर अलग से मिलता है. मुख्यमंत्री को इस तरह अपने बीच पाकर ग्रामीण प्रफुल्लित हुए. मुख्यमंत्री के साथ सांसद सीपी जोशी,राजस्व मंत्री हेमंत मीना, सहकारिता मंत्री गौतम दक सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.