VIDEO: राजस्थान कांग्रेस में 'घर वापसी' का दौर तेज, ढाई साल में 11 की वापसी, इन बड़े नेताओं ने फिर से थामा पंजे का दामन, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: कांग्रेस छोड़ने और बगावत करने वाले नेताओं की अब फिर से घर वापसी तेज होने लगी है.पिछले करीब ढाई साल में करीब एक दर्जन से ज्यादा बड़े नेता वापस कांग्रेस का दामन थाम चुके है.घर वापसी करने वाले अधिकतर वो नेता है जिन्होंने विधानसभा और लोकसभा चुनाव का टिकट नहीं मिलने पर बगावत की थी या फिर अनुशासनहीनता के चलते उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था.

पिछले ढाई साल में राजस्थान कांग्रेस का कुनबा एक बार फिर बढ़ता जा रहा है.क्योंकि विधानसभा और लोकसभा चुनाव से पहले टिकट नहीं मिलने पर जो नेता पार्टी छोड़कर चले गए थे या फिर अनुशासनहीनता के कारण उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया था.वह नेता अब एक-एक करके वापस कांग्रेस में शामिल हो रहे है.लोकसभा चुनाव से पहले घर वापसी का जो सिलसिला शुरु हुआ था, वह अब तक जारी है.पिछले ढाई सालों में करीब 11 बड़े नेता वापस पंजे का दामन थाम चुके है.

राजस्थान कांग्रेस का लगातार बढ़ रहा है कुनबा:
-पिछले ढाई साल में करीब एक दर्जन दिग्गज नेताओं की हुई घर वापसी
-अनुशासनहीनता के चलते बाहर किए गए नेताओं की भी हुई एंट्री
-अमीन खान,मेवाराम जैन,महेन्द्रजीत सिंह मालवीय,खिलाड़ी लाल बैरवा
-वीरेन्द्र बेनीवाल,ओम बिश्नोई,फतेह खान,सुनील पड़िहार,गोपाल गुर्जर
-रामचंद्र सराधना और मुख्तार खान की हुई अब तक वापसी
-महेन्द्र जीत सिंह मालवीय नेता प्रतिपक्ष नहीं बनाने से चले गए थे बीजेपी में
-अमीन खान और मेवाराम जैन को कांग्रेस ने किया था निलंबित
-शेष नेताओं ने टिकट ना मिलने पर बगावत करके कांग्रेस के खिलाफ लड़ा था चुनाव
-करीब एक दर्जन नेता और है अब कांग्रेस में घर वापसी की कतार में
-अब अगले साल कुछ नेताओं की फिर होगी कांग्रेस में रीएंट्री

आपको बता दे कि हाल में दिवाली से दो दिन पहले दो नेताओं की कांग्रेस में वापसी हुई थी.पूर्व विधायक रामचंद्र सराधना औऱ पूर्व सांसद खिलाड़ी बैरवा कांग्रेस में शामिल हुए थे.दरअसल इन नेताओं की घर वापसी इसलिए हो रही है.क्योंकि बिना कांग्रेस के इनके जातिगत और सियासी समीकरण नहीं सध पा रहे थे.ऐसे में अब मन मसोसकर कहे या फिर इनकी मजबूरी जिसके चलते इन्हें पंजे का दामन थामना पड़ रहा है.

घर वापसी की कतार में शामिल नेताओं का मामला अभी पार्टी की अनुशासन कमेटी के समक्ष पेंडिंग पड़ा है.प्रदेश नेतृत्व फिलहाल इनकी वापसी का विरोध कर रहे स्थानीय नेताओं को राजी करने में लगा हुआ है.लिहाजा जैसे ही मामला सेटल हो जाएगा तो फिर वापसी की हरी झंडी पर मुहर लग जाएगी.लेकिन बड़े चेहरों की वापसी चुनावी साल यानी 2028 में हो सकती है.जिसमें पूर्व मंत्री,पूर्व सांसद औऱ पूर्व विधायक रहे जैसे कई दिग्गज नेता शामिल है.लेकिन खैर,कांग्रेस के लिए यह घर वापसी सियासी तौर पर फिलहाल तो एक अच्छे संकेत माने जा सकते है.