पाली: राजस्थान के पाली जिले के फालना में दीपावली की रात हुए भीषण अग्निकांड ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं. पटाखे की दुकान में लगी आग की चपेट में आने से कांग्रेस पार्षद उषा पूनमिया, उनके पति प्रकाश पूनमिया और जेठ गौतम पूनमिया की दर्दनाक मौत हो गई. सोमवार शाम तीनों का फालना के श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में एक साथ अंतिम संस्कार किया गया.
एक साथ उठीं तीन अर्थियां, नम हुईं हर आंख:
जब एक ही परिवार के तीन सदस्यों की अर्थियां फालना की सड़कों से गुजरीं, तो माहौल गमगीन हो गया. अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता, रिश्तेदार और स्थानीय लोग शामिल हुए. सभी ने नम आंखों से तीनों को अंतिम विदाई दी.
जोधपुर में उपचार के दौरान गौतम पूनमिया ने भी तोड़ा दम:
जानकारी के मुताबिक, दीपावली की देर रात आतिशबाजी की चिंगारी से पटाखे की दुकान में आग लग गई थी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की दो अन्य दुकानों को भी चपेट में ले लिया. हादसे में कांग्रेस पार्षद उषा पूनमिया और उनके पति प्रकाश पूनमिया की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी. वहीं, गंभीर रूप से झुलसे गौतम पूनमिया ने जोधपुर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. इस भीषण अग्निकांड में तीन दुकानों में रखा लाखों रुपए का सामान भी जलकर खाक हो गया. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से फालना क्षेत्र में शोक का माहौल है.