जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में उम्र के आखिरी पड़ाव पर एक बुजुर्ग दंपती का 30 साल पुराना रिश्ता आखिरकार टूट गया. 71 वर्षीय पति और 76 वर्षीय पत्नी ने आपसी सहमति से तलाक लेकर हमेशा के लिए अपनी राहें अलग कर लीं. दोनों पिछले 12 साल से एक-दूसरे से अलग रह रहे थे. जयपुर की फैमिली कोर्ट-4 ने दोनों की सहमति के आधार पर तलाक को मंजूरी दे दी.
जानकारी के मुताबिक 71 वर्षीय पति और 76 वर्षीय पत्नी को आपसी सहमति से तलाक मिला है. पति-पत्नी को 30 साल पुराना वैवाहिक रिश्ता पारिवारिक न्यायालय से खत्म हो गया. जयपुर फैमिली कोर्ट-4 ने पति-पत्नी को विवाह विच्छेद की डिक्री पारित की. न्यायाधीश प्रियंका पिलानिया ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(बी) के तहत याचिका स्वीकार की. 25 अक्टूबर 1996 को विवाह हुआ था.
वर्ष 2014 से दोनों अलग-अलग रह रहे थे. करीब 12 साल के अलगाव के बाद दोनों ने माना-अब पति-पत्नी के रूप में साथ रहना संभव नहीं है. विवाह से कोई संतान नहीं हुई. पति की पहली शादी से दो बालिग संतानें हैं. सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त पत्नी ने भरण-पोषण के अधिकार का त्याग किया, स्त्रीधन और जेवर को लेकर भी सहमति बनी.
भविष्य में एक-दूसरे की चल-अचल संपत्ति पर दावा और कानूनी कार्रवाई नहीं करने पर सहमति बनी. सोशल मीडिया पर मानहानिकारक टिप्पणी, फोटो-वीडियो का दुरुपयोग और निजी जीवन में हस्तक्षेप नहीं करने का समझौता हुआ. अदालत की समझाइश भी साथ आने का रास्ता नहीं लाई. स्वतंत्र सहमति और सुलह की संभावना नहीं होने पर तलाक मंजूर हुआ. याचिकाकर्ता पत्नी की ओर से अधिवक्ता डीएस शेखावत ने अदालत में पक्ष रखा.