नीली नगरी की अद्भुत सजावट और रोशनी ने किया अभिभूत, सूर्यनगरी जोधपुर में दीपावली की जगमगाहट ने विदेशी मेहमानों का मोहा मन

जोधपुर: सन सिटी और ब्लू सिटी के नाम से विश्वविख्यात जोधपुर में दीपावली का उल्लास विदेशी मेहमानों के लिए भी यादगार अनुभव बन गया. रोशनी के महापर्व पर शहर पहुंचे विदेशी सैलानियों ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं को नजदीक से महसूस किया और पूरे उत्साह के साथ दीपावली का पर्व मनाया. 

शहर के भीतरी क्षेत्र में विदेशी मेहमान भारतीय वेशभूषा में नजर आए. उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अपने हाथों से मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की. इसके बाद दीप प्रज्वलित कर दीपावली की खुशियां मनाईं और जमकर आतिशबाजी भी की. 

नीली नगरी की ऐतिहासिक गलियों से लेकर घरों तक सजे दीपों और आकर्षक रोशनी ने विदेशी सैलानियों को खासा प्रभावित किया. भारतीय संस्कृति, पारंपरिक पूजा पद्धति और त्योहारों के उल्लास में शामिल होकर विदेशी मेहमान अभिभूत नजर आए. उनके लिए जोधपुर की दीपावली महज एक त्योहार नहीं, बल्कि भारतीय परंपराओं को करीब से जानने और महसूस करने का एक अनूठा अनुभव बन गई.