राजस्थान में इस बार कम पड़ेगी सर्दी! अल नीनो का दिखेगा असर, सामान्य से 4 डिग्री तक ऊपर रह सकता है तापमान

जयपुर: राजस्थान में नवंबर का माह शुरू होने के बावजूद सर्दी का असर कमजोर बना हुआ है. प्रदेश के कई शहरों में दिन के साथ रात का तापमान भी सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, इस बार अल नीनो के प्रभाव से प्रदेश में सर्दी कम पड़ने की संभावना जताई जा रही है. प्रशांत महासागर में अल नीनो  (El Nino) की मजबूत स्थिति की वजह से दिसंबर तक तापमान सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान है.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, नवंबर में राजस्थान सहित उत्तर और दक्षिण-पश्चिम भारत के कई राज्यों में तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है. राजस्थान और गुजरात में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर रहने की संभावना है. विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कम रहने और बारिश की कमी की वजह से भी सर्दी का असर कमजोर पड़ सकता है.

लगातार दूसरे दिन बाड़मेर में पारा 38 डिग्री के पार:
राजस्थान में नवंबर के दौरान भी दिन में गर्मी का असर बरकरार है. लगातार दूसरे दिन बाड़मेर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. राजस्थान के कई अन्य शहरों में भी दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहा. वहीं, रात के तापमान में बढ़ोतरी होने से ठंड का अहसास कम हो गया है.

माउंट आबू में सबसे ठंडी रात, पारा 12.4 डिग्री:
प्रदेश में उत्तरी हवाओं के कमजोर पड़ने से रात के समय भी सर्दी का असर कम हुआ है. हालांकि, पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में सोमवार को प्रदेश की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। यहां न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा.

अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने का अनुमान:
मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है. इस दौरान बारिश की गतिविधियां सीमित रहने और दिन में तापमान सामान्य से अधिक बने रहने का अनुमान है. ऐसे में प्रदेशवासियों को नवंबर के दूसरे सप्ताह में भी कड़ाके की सर्दी के लिए इंतजार करना पड़ सकता है. विशेषज्ञों के मुताबिक, आगामी दिनों में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और उत्तरी हवाओं की स्थिति के आधार पर तापमान में बदलाव देखने को मिल सकता है. फिलहाल प्रदेश में दिन की गर्मी और रात में कमजोर सर्दी का दौर जारी रहने की संभावना है.