जयपुरः राजस्थान सरकार की प्राथमिक स्कूलों के पाठ्यक्रम में साहिबजादों बाबा फतेह सिंह और बाबा जोरावर सिंह की शहादत का इतिहास पढ़ाया जाएगा. आज वीर बाल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने स्कूली पाठ्यक्रम में वीर बाल दिवस पढ़ाने की घोषणा की. मदन राठौड़ ने कहा यदि हम संगठित नहीं रहे तो इस तरह की यातनाएं दी जा सकती है. बांग्लादेश में जो आज हो रहा है, उसे हम सब देख रहे हैं. सीएम भजन लाल शर्मा ने बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में प्रदर्शनी का शुभारंभ किया.
वीर बाल दिवस..साहिबज़ादों की शहादत को याद करने का पर्व. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस दिन के महत्व को समझते हुए ऐलान किया कि राजस्थान के स्कूलों में अब छोटे बच्चों की पाठ्य पुस्तकों में वीर बाल दिवस से जुड़ी प्रेरक गाथा को शामिल किया जाएगा. ताकि नई पीढ़ी को साहस, बलिदान और धर्म-संस्कृति की रक्षा के मूल्यों से परिचित कराया जा सके. मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर साहिबजादों का बलिदान हमारे इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है. बहुत कम उम्र में उन्होंने धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ साहिबज़ादों की शहादत को याद करते हुए भावुक हो गए उन्होंने कहा कि जबरन धर्मपरिवर्तन ठीक नहीं. 300 साल पहले इसी तरह से दो छोटे छोटे मासूम बच्चों ने भी धर्मपरिवर्तन के खिलाफ आवाज उठाई और अपने प्राणों को न्योछावर कर दिया, उनके बलिदान को याद रखने की जरूरत है और संगठित रहना है.
बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में वीर बाल दिवस पर गुरु गोविंद सिंह, माता गूजरी और साहिबजादो से जुड़ी बलिदान की कहानी को चित्रों के जरिए प्रदर्शित किया गया. सीएम भजन लाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस घोषित कर उनके त्याग को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि माता गुजरी का त्याग और साहिबजादों का साहस हमें राष्ट्र, धर्म और संस्कृति के प्रति अटूट संकल्प की प्रेरणा देता है. उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम अपने इतिहास पर गर्व करें और अपनी विरासत को आगे बढ़ाएं. कार्यक्रम संयोजक और पूर्व मंत्री सरदार सुरेंद्र पाल सिंह टीटी ने साहिबज़ादों के त्याग को स्कूली पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने पर सीएम भजन लाल शर्मा का आभार जताया. मदन राठौड़ ने कहा कि आज बांग्लादेश में क्या हो रहा
यातनाएं क्यों दी जा रही हम एक नहीं थे तब विदेशी आक्रांता ने आकर यातनाएं दी कुछ समय पहले कश्मीर में ऐसा हुआ धन्यवाद है पीएम मोदी और अमित शाह को जिनके कारण काश्मीर में शांति है हमें संगठित रहना होगा सिक्ख हिन्दू धर्म का ही अंग है अलग करने के लिए फूट पैदा की गई जैन समाज को भी अलग करने की कोशिकी जा रही नई पीढ़ी को ये समझना होगा
“जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल”
“वाहे गुरु जी का खालसा, वाहे गुरु जी की फतेह”
बीजेपी मुख्यालय आज इस घोष से हुआ गुंजायमान
सीएम भजन लाल शर्मा "पग " या "दस्तार" पहनकर शामिल हुए. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी इसी वेश में आए नजर. उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मंजू शर्मा, कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा और विधायक बालमुकुंद आचार्य, गोपाल शर्मा , सरदार अजय पाल सिंह, सरदार जसबीर सिंह, रवि नैयर समेत प्रमुख नेता मौजूद रहे.