साध्वी प्रेम बाईसा को इंजेक्शन लगाने वाले कंपाउंडर का बड़ा बयान, कहा- मेरा उद्देश्य सेवा करने के साथ समाज का भला करना रहा

जोधपुर: जोधपुर में साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है. साध्वी को इंजेक्शन लगाने वाले कंपाउंडर देवी सिंह ने फर्स्ट इंडिया न्यूज़ से खास बातचीत में खुद को पूरी तरह निर्दोष बताया है. देवी सिंह का कहना है कि उन्होंने साध्वी जी को डॉक्टर द्वारा निर्धारित प्रिस्क्रिप्शन के आधार पर ही इंजेक्शन लगाया था. 

उनके अनुसार साध्वी प्रेम बाईसा को सांस की तकलीफ के साथ-साथ जुकाम और खांसी की भी समस्या थी. देवी सिंह ने बताया कि वह आरती नगर क्षेत्र में रहते हैं और साध्वी जी के अलावा भी जरूरतमंद लोगों की सेवा करते रहे हैं. उन्होंने कहा कि समाज सेवा, रक्तदान और जरूरतमंदों की मदद करना उनकी पहली प्राथमिकता रही है. 

लेकिन इस मामले में बेवजह नाम आने से उन्हें मानसिक और सामाजिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. देवी सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि समाज के लोग पूरी तरह उनके साथ खड़े हैं और सनातन संस्कृति से जुड़े होने के नाते वह हमेशा साध्वी जी का सम्मान करते आए हैं. उनका कहना है कि डॉक्टर की पर्ची के अनुसार इंजेक्शन वह खुद लेकर गए थे और इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं की गई.